Spider Man of Yemen: यमन के मशहूर एडवेंचर प्रेमी अल-क़ाका इब्न अंतार की एक खतरनाक चढ़ाई के दौरान मौत हो गई। "यमन के स्पाइडर-मैन" के नाम से लोकप्रिय 30 वर्षीय अंतार बिना किसी सुरक्षा उपकरण के ज्वालामुखी क्रेटर की खड़ी चट्टानों पर चढ़ रहे थे, उसी वक्त अचानक उनका संतुलन बिगड़ गया और वह गहरी खाई में गिर गए।
कहां हुआ दर्दनाक हादसा?
स्थानीय अधिकारियों के मुताबिक, यह हादसा शुक्रवार को दक्षिणी यमन के धाले प्रांत स्थित हरदाह डैम ज्वालामुखी क्रेटर में हुआ। अंतार क्रेटर की खड़ी दीवारों पर केवल हाथों के सहारे चढ़ाई कर रहे थे। इसी दौरान उनका हाथ फिसल गया और वे करीब 120 मीटर गहरे क्रेटर में जा गिरे।
इस हादसे से जुड़ा एक वीडियो भी सामने आया, जिसमें अंतार बिना किसी सेफ्टी उपकरण के चट्टान पर चढ़ते हुए नजर आ रहे हैं। एक वक्त ऐसा आया जब वह एक हाथ से चट्टान को पकड़े हुए दिखाई देते हैं, जबकि दूसरा हाथ ऊपर की ओर उठा रहे हैं। तभी कुछ सेकंड के अंतराल के बाद उनकी पकड़ छूट जाती है और वह नीचे गिर जाते हैं।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: 'बेतुकी बातों का थिएटर बन गया लोकतंत्र', TMC के बागियों का NCP में विलय के दावे पर बरसे कपिल सिब्बल; कही यह बात
चार घंटे चला रेस्क्यू ऑपरेशन
हादसे की सूचना मिलते ही बचाव दल, गोताखोरों को मौके पर भेजा गया। करीब चार घंटे तक चले अभियान के बाद अंतार का शव क्रेटर के भीतर पानी की सतह से लगभग 30 मीटर नीचे से बरामद किया गया। अधिकारियों ने बताया कि क्रेटर के आसपास का इलाका बेहद खड़ी और पथरीली चट्टानों वाला था, जिसके कारण बचाव कार्य काफी चुनौतीपूर्ण रहा।
अंतार सोशल मीडिया पर जोखिम भरे कारनामों के लिए काफी लोकप्रिय थे। वह अक्सर दूर, दुर्गम इलाकों में मौजूद चट्टानों में चढ़ाई करते हुए वीडियो शेयर किया करते थे, लेकिन इसी तरह की एक चढ़ाई के दौरान उन्होंने जान गंवा दी।
