दुनिया

सोमालिया में समुद्री लुटेरों का आतंक! हथियारों से लदे जहाज को किया हाईजैक; 6 भारतीय समेत 10 क्रू मेंबर सवार

Somalia Pirate Hijack: सोमालिया के पुंटलैंड तट के पास समुद्री लुटेरों ने भारतीय चालक दल वाले एक मालवाहक जहाज को हाईजैक कर लिया। इस जहाज में छह भारतीय समेत चालक दल के 10 सदस्य सवार हैं।

Image

भारतीय चालक दल वाला जहाज सोमालिया तट के पास हुआ हाईजैक (फोटो साभार: AI)

Somalia Pirate Hijack: सोमालिया के पुंटलैंड तट के पास समुद्री लुटेरों ने कैमून के झंडे वाले एक मालवाहक जहाज को हाईजैक कर लिया। इस जहाज पर चालक दल के 10 सदस्य सवार हैं, जिनमें से छह भारतीय नागरिक हैं।

तुर्किये के हथियार ले जा रहा था जहाज

अंतरराष्ट्रीय समाचार एजेंसी एपी के मुताबिक, एक सोमाली अधिकारी ने गुरुवार को बताया कि M/V LUTUF नामक मालवाहक जहाज को सोमवार को हाईजैक किया गया। जिसे पुंटलैंड के नुगाल तट की ओर ले गए। इस जहाज पर तुर्किये के हथियार लदे थे।

एक स्थानीय अधिकारी ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि यह घटना सोमवार को पुंटलैंड के आयल जिले में मर्रया तट से लगभग 3.5 समुद्री मील दूर हुई। बकौल अधिकारी, पोलर मूवमेंट शिपिंग के स्वामित्व वाले इस जहाज पर तुर्किये के सैन्य प्रशिक्षण केंद्र के लिए भेजे जा रहे हथियारों के अलावा संचार और सैटेलाइट उपकरण भी मौजूद थे।

M/V LUTUF जहाज पर चालक दल के कुल 10 सदस्य मौजूद थे, जिसमें छह भारतीय, दो सर्बियाई सुरक्षा गार्ड, एक तुर्किये का नागरिक, एक जॉर्जियाई नागरिक शामिल हैं। इस घटना को लेकर तुर्किये के अधिकारियों की तत्काल कोई टिप्पणी सामने नहीं आई।

अधिकारी ने बताया कि लगभग 8 समुद्री लुटेरे जहाज को पुंटलैंड से नुगाल तट की ओर ले गए। माना जा रहा है कि यह वही समूह है, जो 26 अप्रैल को M/V Sward नामक जहाज के हाईजैक में शामिल था। इसके बाद, तुर्किये के स्वामित्व वाले दो जहाज हाईजैक किए गए पोत के पास पहुंचे। इलाके में तुर्किये के हेलीकॉप्टर और ड्रोन भी निगरानी कर रहे हैं।

हवाई हमला

बकौल रिपोर्ट, मंगलवार को दो लोगों को लेकर एक छोटी नाव जहाज के पास पहुंची और उसने 'खात' पहुंचाया, जो सोमालिया में आमतौर पर चबाया जाने वाला एक पदार्थ है। अधिकारी के मुताबिक, नाव के तट पर लौटने के बाद एक हवाई हमला हुआ, जिसमें चार लोगों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य घायल बताए जा रहे हैं। हालांकि, इसकी स्वतंत्र रूप से हवाई हमले की पुष्टि नहीं हो सकी है और न ही यह स्पष्ट हो पाया है कि हमला किसने किया?

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article