दुनिया

PM मोदी के स्वागत के लिए स्लोवाकिया के राष्ट्रपति पेलेग्रिनी बेसब्र, बोले- सहयोग के खुलेंगे नए अवसर

India Slovakia Relations: स्लोवाकिया के राष्ट्रपति पीटर पेलेग्रिनी ने कहा कि वह ब्रातिस्लावा में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का स्वागत करने के लिए उत्सुक हैं। दरअसल, पीएम मोदी फ्रांस के लिए रवाना हो चुके हैं और वहां से स्लोवाकिया जाएंगे।

Image

स्लोवाकिया के राष्ट्रपति पीटर पेलेग्रिनी

Photo : AP

India Slovakia Relations: स्लोवाकिया के राष्ट्रपति पीटर पेलेग्रिनी ने शनिवार को कहा कि वह ब्रातिस्लावा में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का स्वागत करने के लिए उत्सुक हैं। उन्होंने मोदी की इस यात्रा को "ऐतिहासिक" बताया और कहा कि इससे स्लोवाकिया और भारत के बीच सहयोग के नए अवसर खुलेंगे।

PM मोदी का दो दिवसीय स्लोवाकिया

पीएम मोदी 14 और 15 जून को स्लोवाकिया का दौरा करेंगे। वर्ष 1993 में आजादी मिलने के बाद से किसी भारतीय प्रधानमंत्री का इस मध्य यूरोपीय देश का यह पहला दौरा होगा। राष्ट्रपति पेलेग्रिनी ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा, "आपकी ऐतिहासिक यात्रा नयी दिल्ली में हुई हमारी अच्छी बातचीत को आगे बढ़ाएगी और स्लोवाकिया-भारत सहयोग के लिए नए अवसर खोलेगी।"

पेलेग्रिनी, पीएम मोदी की यात्रा की घोषणा पर प्रतिक्रिया दे रहे थे। इससे पहले शनिवार सुबह, फ्रांस के लिए रवाना होने से पहले पीएम मोदी ने कहा कि वह ब्रातिस्लावा में पेलेग्रिनी और प्रधानमंत्री रॉबर्ट फिको के साथ बातचीत करने और साथ ही कारोबारी क्षेत्र के दिग्गजों से मिलने के लिए उत्सुक हैं। पीएम मोदी फ्रांस से स्लोवाकिया जाएंगे। पीएम मोदी ने 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, "भारत-ईयू मुक्त व्यापार समझौता मजबूत व्यावसायिक और व्यापारिक संबंधों के लिए अनगिनत अवसर प्रदान करता है।"

पीएम मोदी ने कहा, ''भारत की रणनीतिक दूरदृष्टि में फ्रांस का खास स्थान है। इसी वर्ष राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों भारत आए थे और हमने अपने संबंधों को विशेष वैश्विक रणनीतिक साझेदारी के स्तर तक बढ़ाया था।''

उन्होंने कहा, ''जब मैं नीस में राष्ट्रपति मैक्रों से मुलाकात करूंगा, तब हम फरवरी के बाद हुई प्रगति की समीक्षा करेंगे और सहयोग के अगले चरणों की रूपरेखा तय करेंगे। मैं परस्पर हितों के महत्वपूर्ण वैश्विक मुद्दों पर भी चर्चा के लिए उत्सकु हूं।''

पीएम मोदी ने कहा कि वह स्लोवाकिया के राष्ट्रपति पीटर पेलेग्रिनी और प्रधानमंत्री रॉबर्ट फिको के साथ ब्रातिस्लावा में चर्चा को लेकर उत्साहित हैं। पीएम मोदी ने कहा कि फ्रांस के एवियन में आयोजित जी-7 शिखर सम्मेलन में भारत की भागीदारी, भारत के प्रति उसके साझेदार देशों के विश्वास और उसकी बढ़ती वैश्विक भूमिका को दर्शाती है। उन्होंने कहा, ''यह लगातार आठवां जी-7 शिखर सम्मेलन है, जिसमें भारत को आमंत्रित किया गया है। जी-7 में भारत केवल अपनी बात ही नहीं रखेगा, बल्कि 'ग्लोबल साउथ' की आकांक्षाओं को भी आवाज देगा।''

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article