दुनिया

तुर्किये में NATO एयरबेस पर ईरान का हमला! सायरन की आवाज सुनकर दहशत में आए लोग

रिपोर्ट में कहा गया है कि तुर्किये के दक्षिणी इलाके में स्थित नाटो के इनसरलिक एयर बेस पर शुक्रवार तड़के 3.25 बजे सायरन की आवाज सुनाई दी। इसे नाटो का महत्वपूर्ण एयरबेस माना जाता है। यह एयरबेस अदाना शहर के पास स्थित है।

Image

तुर्किये में नाटो के एयरबेस पर संदिग्ध ईरानी हमला। तस्वीर-प्रतीकात्मक

Photo : AP

Incirlik air base : मध्य पूर्व और पश्चिम एशिया में छिड़ी ईरान, अमेरिका और इजरायल की जंग का दायरा बड़ा होने लगा है। यह तुर्किये तक पहुंच गया है। एएफपी की रिपोर्ट के मुताबिक तुर्किये में उत्तर अटलांटक संधि संगठटन (NATO) के एयरबेस पर खतरे के सायरन की आवाज सुनी गई। रिपोर्ट में कहा गया है कि तुर्किये के दक्षिणी इलाके में स्थित नाटो के इनसरलिक एयर बेस पर शुक्रवार तड़के 3.25 बजे सायरन की आवाज सुनाई दी। इसे नाटो का महत्वपूर्ण एयरबेस माना जाता है। यह एयरबेस अदाना शहर के पास स्थित है। तुर्किये की न्यूज एजेंसी अनादोलू की रिपोर्ट में कहा गया है कि इस घटना पर अभी कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है।

सायरन की आवाज सुनकर जगे लोग

रिपोर्ट में कहा गया है कि चार दिनों पहले नाटो के एयर डिफेंस ने तुर्किये के हवाई क्षेत्र में एक बैलिस्टिक मिसाइल को मार गिराया था। यह बैलिस्टिक मिसाइल ईरान से दागी गई थी। इसके बाद यह घटना हुई है। अदाना शहर जो कि इस एयरबेस से करीब 10 किलोमीटर दूर है, यहां के लोग सायरन की आवाज सुनकर जगे। इकोनोमिम बिजनेस न्यूज वेबसाइट के मुताबिक सायरन की आवाज करीब पांच मिनट तक सुनाई दी। इसके बाद एयरबेस पर रेड अलर्ट जारी कर दिया गया।

सोशल मीडिया में लोगों ने वीडियो शेयर किया

कुछ लोगों ने सोशल मीडिया में आसमान से गुजरती एक चमकीले प्रोजेक्टाइल का वीडियो शेयर किया है। समझा जा रहा है कि यह एक मिसाइल थी जो कि एयरबेस की तरफ जा रही थी। कुछ समय बाद इलाके में दमकल की गाड़ियों के सायरन सुनाई दिए और सुरक्षाबलों की आवाजाही अचानक से बढ़ गई।

दूसरी बैलिस्टिक मिसाइल को मार गिराया

नाटो ने कहा कि उसने सोमवार को ईरान की तरफ से दागी गई दूसरी बैलिस्टिक मिसाइल को मार गिराया है। इसके बाद तुर्की ने तेहरान को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा कि वह कोई 'उकसाने वाले कदम' न उठाए। यह घोषणा उस समय आई जब वॉशिंगटन ने कहा कि वह अदाना में अपने वाणिज्य दूतावास को बंद कर रहा है और सभी अमेरिकी नागरिकों से दक्षिण-पूर्वी तुर्की छोड़ने का आग्रह कर रहा है। अमेरिका-इजराइल द्वारा ईरान के खिलाफ शुरू किए गए युद्ध के बाद से तेहरान ने पूरे मध्य पूर्व में हमले किए हैं। अब तक ऐसा लग रहा था कि तुर्किये इन हमलों से बचा हुआ है।

क्यूरेजिक में भी अमेरिकी सैनिक तैनात

इंसीर्लिक एयरबेस के अलावा, अमेरिकी सैनिक तुर्की के क्यूरेजिक में भी तैनात हैं। यहां मंगलवार को पैट्रियट मिसाइल रक्षा प्रणाली तैनात की गई। इससे पहले 4 मार्च को तुर्किये के हवाई क्षेत्र में नाटो की रक्षा प्रणाली ने पहली मिसाइल को भी रोककर नष्ट कर दिया था।

Alok Rao
आलोक कुमार रावauthor

19 वर्षों से मीडिया जगत में सक्रिय आलोक राव ने प्रिंट, न्यूज एजेंसी, टीवी और डिजिटल चारों ही माध्यमों में काम किया है। इस लंबे अनुभव ने उन्हें समाचारों की समझ, प्रेजेंटेशन, डिटेलिंग और न्यूजरूम डायनेमिक्स में असाधारण दक्षता प्रदान की है। राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों में विशेष रुचि रखने के साथ-साथ जियो-पॉलिटिक्स एवं डिफेंस की स्टोरीज में इनकी खासी दिलचस्पी है। आलोक ने अलग-अलग माध्यमों में काम करते हुए समाचारों की समझ, प्रस्तुति और विश्लेषण में मजबूत दक्षता विकसित की है और अब तक 25,000 से अधिक आर्टिकल तैयार कर चुके हैं। तथ्यों की गहन जांच, मजबूत न्यूज सेंस और तेज निर्णय क्षमता उनकी पत्रकारिता की प्रमुख खासियतें हैं।

और पढ़ें
End of Article