सोशल मीडिया पर बाढ़ की रिपोर्टिंग कर रहे एक पाकिस्तानी पत्रकार का रोंगटे खड़े कर देने वाला वीडियो वायरल हो रहा है जिसमें देखा जा सकता है कि कैसे वो गले-गले पानी में उतरकर रिपोर्टिंग कर रहा है। रिपोर्टर गर्दन तक पानी में डूबा नजर आ रहा है और वहां के हालात का वर्णन कर रहा है इस बीच कुछ ऐसा होता है जो शॉकिंग है।
मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक रावलपिंडी के चहान डैम के पास बाढ़ की रिपोर्टिंग कर रहा एक पत्रकार तेज बहाव में बह गया, वीडियो में देखा जा सकता है कि रिपोर्टर गर्दन तक पानी में डूबा दिख रहा है और उसी हालात में वो माइक लेकर कवरेज कर रहा है।
वीडियो के मुताबिक बाढ़ की हो रही कवरेज में रिपोर्टर का सिर्फ सिर और माइक पकड़े हाथ नजर आ रहा है तभी पानी का बहाव इतनी तेजी से बढ़ा कि वो खुद भी पानी के बहाव में बहते हुए नजर आया।
पाकिस्तान के पूर्वी इलाके बारिश और बाढ़ की चपेट में हैं
गौर हो कि पाकिस्तान के पूर्वी इलाके बारिश और बाढ़ की चपेट में है। यहां लगातार भारी बारिश की वजह से बीते 24 घंटे में कम से कम 54 लोगों की जान चली गई है। रिपोर्टों में अधिकारियों के हवाले से कहा गया है कि पिछले तीन सप्ताह में भारी बारिश की वजह से मृतकों की संख्या बढ़कर 178 हो गई है। मानसून की बारिश से इलाके में बाढ़ आ गई है और कई गांव पानी में डूब गए हैं। पाकिस्तान के मौसम विभाग का कहना है कि 2024 जुलाई की तुलना में इस महीने में देश में 82 प्रतिशत ज्यादा बारिश हुई है।
पंजाब के झेलम जिले में बादल फटने से अचानक बाढ़ आ गई
पाकिस्तान के पंजाब के झेलम जिले में बादल फटने से अचानक बाढ़ आ गई, जिसके चलते प्रशासन को नावों की मदद से दर्जनों लोगों को सुरक्षित निकालना पड़ा। नेशनल डिजास्टर मैनेजमेंट अथॉरिटी ने गुरुवार को एक ताजा बाढ़ अलर्ट जारी किया और स्थानीय अधिकारियों को सतर्क रहने की अपील की। पर्यटकों को सलाह दी गई है कि वे प्रभावित क्षेत्रों की यात्रा से बचें।
