दुनिया

पाकिस्तान में कुदरती तबाही से कहां-कहां गईं लोगों की जान? बिजली आपूर्ति बाधित

Pakistan Rain: पाकिस्तान के पंजाब प्रांत में शनिवार शाम को तेज तूफान और भारी बारिश से जुड़ी घटनाओं में कम से कम 20 लोगों की मौत हो गई और 150 से अधिक लोग घायल हो गए। पंजाब सरकार के अनुसार, 13 करोड़ से अधिक की आबादी वाले प्रांत में अधिकांश मौतें जर्जर घरों के ढहने या गिरे हुए ‘बिलबोर्ड’ के नीचे दबने के कारण हुईं।

Image

पाकिस्तान में भारी बारिश से कोहराम (फाइल फोटो)

Pakistan Rain: पाकिस्तान के पंजाब प्रांत में शनिवार शाम को तेज तूफान और भारी बारिश से जुड़ी घटनाओं में कम से कम 20 लोगों की मौत हो गई और 150 से अधिक लोग घायल हो गए। प्रांतीय सरकार ने रविवार को बताया कि तूफान इतना शक्तिशाली था कि इसने सड़क और हवाई यातायात को बाधित कर दिया, बुनियादी ढांचे को नुकसान पहुंचाया और बड़े पैमाने पर बिजली आपूर्ति बाधित हो गई।

20 की मौत, 150 से ज्यादा घायल

पंजाब सरकार के अनुसार, 13 करोड़ से अधिक की आबादी वाले प्रांत में अधिकांश मौतें जर्जर घरों के ढहने या गिरे हुए ‘बिलबोर्ड’ के नीचे दबने के कारण हुईं। प्रांतीय सरकार ने रविवार को कहा, ‘‘पंजाब के विभिन्न हिस्सों में शक्तिशाली तूफान और भारी बारिश से संबंधित घटनाओं में बच्चों सहित कम से कम 20 लोग मारे गए और 150 से अधिक घायल हो गए।’’

निचले इलाकों में भरा पानी

तेज हवा और ओला वृष्टि ने संघीय राजधानी इस्लामाबाद और खैबर पख्तूनख्वा प्रांत को भी प्रभावित किया जहां फसलों और बिजली के तारों को भारी नुकसान पहुंचा। हालांकि, वहां किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। भारी बारिश के साथ आए तूफान के कारण कई निचले इलाकों में जल जमाव की स्थिति उत्पन्न हो गई और कई जगहों पर पेड़ गिर गए। कराची से लाहौर जाने वाली एक निजी विमानन कंपनी की उड़ान एफएल-842 लाहौर हवाई अड्डे पर खराब मौसम की वजह से उतर नहीं सकी और यात्री बाल-बाल बचे।

नहीं उतर सका विमान

विमान में कंपन की वजह से उसमें सवार यात्रियों द्वारा घबराहट में कुरान की आयतें पढ़ने के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गए। वीडियो में वे विमान के सुरक्षित उतरने के लिए प्रार्थना करते और रोते हुए दिखे। खराब मौसम के कारण विमान हवाई अड्डा पर नहीं उतर सका, इसलिए हवाई यातायात नियंत्रक ने पायलट को विमान को वापस कराची ले जाने की सलाह दी।

कहां कितने लोगों ने गंवाई जान?

पंजाब के प्रांतीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (PDMA) के अनुसार, घरों की दीवारें और छतें ढहने तथा पेड़ के नीचे दबने से लाहौर और झेलम में तीन-तीन, सियालकोट और मुजफ्फरगढ़ में दो-दो तथा शेखपुरा, ननकाना साहिब, अटक, मुल्तान, राजनपुर, हाफिजाबाद, मियांवाली, झंग गुजरांवाला और लय्या में एक-एक व्यक्ति की मौत हुई है। सौर पैनल और ‘बिलबोर्ड’ गिरने की दो दर्जन से अधिक घटनाएं दर्ज की गईं।

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!