दुनिया

भारत का एक और दुश्मन खत्म, लाहौर में सरबजीत के हत्यारे को 'अज्ञात हमलावर' ने मारी गोली

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Apr 14, 2024, 05:31 PM IST

Pakistan: अंडरवर्ल्ड डॉन अमीर सरफराज ने ही ISI के इशारे पर पाकिस्तान की जेल में बंद भारतीय नागरिक सरबजीत की हत्या की थी। रविवार को लाहौर में किसी अज्ञात हमलावर ने सरफराज की गोली मारकर हत्या कर दी।

Image

लाहौर में सरबजीत के हत्यारे अमीर सरफराज की हत्या

Photo : BCCL

Pakistan: पाकिस्तान से बड़ी खबर सामने आ रही है। जानकारी के मुताबिक, लाहौर में अंडरवर्ल्ड डॉन अमीर सरफराज की हत्या कर दी गई है। रिपोर्ट के अनुसार, अज्ञात हमलावरों ने उसे गोली मार दी। सरफराज ने ही ISI के इशारे पर पाकिस्तान की जेल में बंद भारतीय नागरिक सरबजीत की हत्या की थी।

बता दें, जेल में सरबजीत सिंह पर हमला करने के आरोप में अमीर सरफराज व एक अन्य के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था। हालांकि, सबूतों के अभाव में 2018 में पाकिस्तानी अदालत ने दोनों को बरी कर दिया था। कथित तौर पर अमीर सरफराज ने पॉलीथीन से सरबजीत का गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी थी।

23 साल पाकिस्तान की जेल में बंद रहा था सरबजीत

बता दें, पंजाब के रहने वाले सरबजीत को 1990 में पाकिस्तान ने जासूसी के आरोप में गिरफ्ताार किया था। मई, 2013 में सरबजीत की मौत की खबर आई थी, कहा गया था कि दिल का दौरा पड़ने के कारण लाहौर के एक अस्पताल में सरबजीत की मौत हो गई। बता दें, सरबजीत को 23 साल तक लाहौर की कोट लखपत जेल में रखा गया था। भारत में अफजल गुरू की मौत के बाद अमीर सरफराज और उसके साथियों ने सरबजीत पर हमला किया था।

पाकिस्तान में भारत के कई दुश्मन हो चुके हैं ढेर

बीते एक दो साल में पाकिस्तान की धरती पर भारत के कई दुश्मन ढेर हो चुके हैं। सभी हत्याएं एक अज्ञात हमलावर द्वारा की गई। पिछले साल नवंबर के पाकिस्तान में लश्कर और जैश-ए-मोहम्मद के तीन आतंकवादियों को मार गिराया गया था। आतंकी ख्वाजा शाहिद उर्फ मियां मुजाहिद का अपहरण कर लिया गया था और बाद में 5 नवंबर, 2023 को पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर में नियंत्रण रेखा के पास उसका सिर कलम कर दिया गया था। 9 नवंबर, 2023 को खैबर पख्तूनख्वा के बाजौर जिले में लश्कर आतंकवादी अकरम खान उर्फ अकरम गाजी की गोली मारकर हत्या कर दी गई। इसी तरह, मौलाना मसूद अजहर के करीबी सहयोगी जेईएम आतंकवादी रहीम उल्लाह तारिक की 13 नवंबर, 2023 को अज्ञात लोगों ने कराची में गोली मारकर हत्या कर दी थी।

  • 1999 में अफगानिस्तान के कंधार में भारतीय विमान आईसी-814 के अपहरण में शामिल आतंकवादी जहूर मिस्त्री 1 मार्च, 2022 को पाकिस्तान में मारा गया था। उसे कराची की अख्तर कॉलोनी में दो बाइक सवार हमलावरों ने मार डाला था।
  • भारत के एक अन्य मोस्ट वांटेड आतंकवादी शाहिद लतीफ की अक्टूबर 2023 में पाकिस्तान के सियालकोट में अज्ञात बंदूकधारियों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी।
  • सितंबर 2023 में जियाउर रहमान, जो लश्कर-ए-तैयबा का सदस्य था, कराची में मारा गया। दो मोटरसाइकिलों पर सवार अज्ञात बंदूकधारियों ने उसे निशाना बनाकर कई गोलियां चलाईं। रहमान जब एक शाम सैर पर था, उसी समय उसे गोली मार दी गई।
  • भारत के मोस्‍ट वांटेड आतंकवादियों में से एक हिजबुल कमांडर बशीर अहमद पीर उर्फ इम्तियाज आलम को 20 फरवरी, 2023 को रावलपिंडी में एक दुकान के बाहर अज्ञात बंदूकधारियों ने मार डाला।
  • सलीम रहमानी एक अन्य आतंकवादी था, जिसे जनवरी 2022 में अज्ञात बंदूकधारियों ने गोली मार दी थी। भारत को भी उसकी आतंकवादी के रूप में तलाश थी।
  • एक अन्य महत्वपूर्ण घटनाक्रम में अज्ञात बंदूकधारियों ने सितंबर 2023 में पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर के रावलकोट में अल-कुदुस मस्जिद के अंदर लश्कर-ए-तैयबा के एक शीर्ष आतंकवादी कमांडर रियाज अहमद उर्फ अबू कासिम की गोली मारकर हत्या कर दी।
  • जमात-उद-दावा के मुल्ला सरदार हुसैन अरैन की अगस्त 2023 में सिंध के नवाब शाह जिले में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।
टाइम्स नाउ नवभारत
टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलauthor

अक्टूबर 2017 में डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में कदम रखने वाला टाइम्स नाउ नवभारत अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। अपने न्यूज चैनल टाइम्स नाउ नवभारत की सोच एवं नजरिए के साथ आगे बढ़ते हुए यह न्यूज़ प्लेटफॉर्म आम लोगों से जुड़े मुद्दों का गहराई से विश्लेषण एवं उसे आसान भाषा में पेश करता आया है। राजनीति से लेकर खेल, मनोरंजन, कारोबार और आम लोगों के जीवन पर असर डालने वालीं खबरों का मायने समझाते हुए यह डिजिटल प्लेटफॉर्म लोगों के भरोसे पर खरा उतरा है। \n\nसाथ ही यह अपने न्यूज़ चैनल पर दिखाए जाने वाली खबरों, शोज, स्पशेल कार्यक्रमों एवं रिपोर्टों को पेश करता है। चैनल के ये कार्यक्रम एवं शोज देश-दुनिया के घटनाक्रमों पर एक नया एवं विश्वसनीय नजरिया देते हैं। अपनी खबरों एवं विश्लेषण के चलते पसंदीदा न्यूज़ प्लेटफॉर्म बन चुका टाइम्स नाउ नवभारत, डिजिटल लोगों के भरोसे को लगातार मजबूत कर रहा है।

और पढ़ें
End of Article