रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने सोमवार को ऐलान किया कि अमेरिका के साथ परमाणु हथियार नियंत्रण समझौता ‘न्यू स्टार्ट संधि’ भले ही फरवरी में समाप्त हो रहा है, लेकिन रूस एक वर्ष तक इस संधि की शर्तों का पालन करेगा। ‘न्यू स्टार्ट’ संधि रूस और अमेरिका के बीच रणनीतिक परमाणु हथियारों को सीमित करने का एक महत्वपूर्ण समझौता है, जिसने पिछले कई वर्षों से वैश्विक स्थिरता बनाए रखने में अहम भूमिका निभाई है।
सुरक्षा परिषद की बैठक में बोले पुतिन
सुरक्षा परिषद की बैठक में पुतिन ने कहा कि इस संधि की समाप्ति से अंतरराष्ट्रीय सुरक्षा और वैश्विक स्थिरता पर नकारात्मक असर पड़ सकता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि रूस, हथियार नियंत्रण के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए, संधि की सीमाओं का पालन करता रहेगा। पुतिन ने उम्मीद जताई कि अमेरिका भी मास्को के इस कदम का अनुसरण करेगा और हथियार सीमा को बनाए रखने की दिशा में सहयोग करेगा। उन्होंने कहा कि यह केवल रूस या अमेरिका का ही नहीं, बल्कि पूरी दुनिया की सुरक्षा का सवाल है।
2010 में लागू हुई थी संधि
न्यू स्टार्ट संधि पर 2010 में तत्कालीन राष्ट्रपति बराक ओबामा और दिमित्री मेदवेदेव ने हस्ताक्षर किए थे। एसोसिएटेड प्रेस के अनुसार, इस संधि के तहत प्रत्येक देश 1,550 से ज्यादा परमाणु हथियार और 700 मिसाइलें और बमवर्षक तैनात नहीं कर सकता।
