दुनिया

'पुतिन के पागलपन को रोकने के लिए ट्रंप को...', क्या अमेरिका और यूरोप मिलकर करेंगे रूस से युद्ध? जानें जेलेंस्की ने क्या की अपील

Russia Ukraine War: यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर ज़ेलेंस्की ने कहा कि रूस को रोका जाना ज़रूरी है और पुतिन की “पागलपन भरी जंग” को सिर्फ अमेरिका, यूरोप और सहयोगी देशों की संयुक्त ताकत ही खत्म कर सकती है। उन्होंने दावा किया कि रूस को रोज़ भारी सैन्य नुकसान हो रहा है, वहीं हालिया रूसी ड्रोन और मिसाइल हमलों में कीव समेत कई इलाकों में जान-माल का नुकसान हुआ है।

Image

जेलेंस्की ने रूस के खिलाफ लड़ने के लिए अमेरिका और यूरोप की मांगी मदद।(फोटो सोर्स: AP)

Photo : AP

Russia Ukraine War: रूस-यूक्रेन के बीच पिछले चार सालों से जारी युद्ध का कोई अंत नहीं दिख रहा। इसी बीच यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने कहा है कि रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन की ‘पागलपन भरी जंग’ को सिर्फ अमेरिका यानी ट्रंप, यूरोप और अंतरराष्ट्रीय साझेदारों की संयुक्त ताकत ही रोक सकती है।

रूस के 1000 सैनिक हर दिन मारे जा रहे: जेलेंस्की

उन्होंने दावा किया कि दिसंबर से हर दिन रूस के कम से कम 1,000 सैनिक मारे जा रहे हैं, लेकिन इसके बावजूद रूस सिर्फ युद्ध को खत्म होने से रोकने की कीमत चुका रहा है।

ज़ेलेंस्की ने इस स्थिति को “मैडनेस (पागलपन)” करार देते हुए कहा कि यह युद्ध इस बात का सबूत है कि दुनिया अभी भी आक्रामक और तानाशाही सोच वाले शासनों से खुद को बचाने में असफल है।

उन्होंने कहा,“इस समय रूस को हर दिन कम से कम 1,000 सैनिकों की जान गंवानी पड़ रही है। दिसंबर से यही हाल है। रूस सिर्फ इसलिए इतनी बड़ी कीमत चुका रहा है ताकि युद्ध खत्म न हो। यह सरासर पागलपन है और इसे केवल संयुक्त ताकत ही रोक सकती है ,यूरोप की ताकत, अमेरिका की ताकत और हमारे सभी साझेदारों की ताकत।” जेलेंस्की ने ज़ोर देते हुए कहा,“इस युद्ध का हर दिन हमें याद दिलाता है कि दुनिया खुद को पागलों से नहीं बचा पा रही। हमें इसे बचाना होगा। रूस को रोका जाना जरूरी है।”

यूक्रेन पर बड़ा रूसी हवाई हमला

इससे पहले शुक्रवार को जेलेंस्की ने बताया कि रूस ने यूक्रेन पर बड़े पैमाने पर रातभर हवाई हमला किया। इस दौरान रूस ने 242 ड्रोन, 13 बैलिस्टिक मिसाइल, 22 क्रूज मिसाइलें दागीं।

इन हमलों में कम से कम चार लोगों की मौत हो गई और दर्जनों लोग घायल हुए।

यूक्रेन में ऊर्जा सुविधाओं को हुआ भारी नुकसान

जेलेंस्की के मुताबिक, हमलों का सबसे ज्यादा असर कीव और देश के अन्य इलाकों में देखा गया। कड़ाके की ठंड के बीच नागरिक ढांचे और ऊर्जा सुविधाओं को भारी नुकसान पहुंचा है।

उन्होंने बताया कि राजधानी कीव में ही 20 से ज्यादा रिहायशी इमारतें क्षतिग्रस्त हुई हैं। वहीं, लविव क्षेत्र समेत अन्य इलाकों में भी राहत और मरम्मत कार्य जारी है।

जेलेंस्की ने यह भी आरोप लगाया कि रूस ने एक रिहायशी इमारत पर दूसरा हमला ठीक उसी वक्त किया, जब पहले हमले के बाद राहतकर्मी लोगों की मदद कर रहे थे। इस हमले में एंबुलेंस स्टाफ का एक सदस्य भी मारा गया।

'यूक्रेन के साथ खड़े हर व्यक्ति का धन्यवाद'

यूक्रेनी राष्ट्रपति ने यूक्रेन को सैन्य और मानवीय मदद देने वाले देशों का आभार जताते हुए कहा,“यूक्रेन के साथ खड़े हर व्यक्ति का धन्यवाद। हमारे लोगों, हमारी रक्षा और पुनर्निर्माण में मदद करने वालों का धन्यवाद। यूक्रेन की जय!”

Piyush Kumar
पीयूष कुमारauthor

पीयूष कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर Senior Copy Editor के रूप में कार्यरत हैं। देश-दुनिया की हलचल पर उनकी पैनी नजर रहती है और इन घटनाओं को सटीक, सरल और असरदार अंदाज में खबरों की भाषा देना उनकी सबसे बड़ी ताकत है। ब्रेकिंग न्यूज की रफ्तार हो या किसी जटिल मुद्दे को आसान बनाकर समझाने वाले एक्सप्लेनर—पीयूष दोनों में बराबर दक्षता रखते हैं। न्यूज जजमेंट, फैक्ट-बेस्ड राइटिंग और एंड-टू-एंड कॉपी प्रोडक्शन पर इनकी पकड़ मजबूत है और अबतक 4,000 से अधिक स्टोरी लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article