दुनिया

राहुल गांधी पहुंचे ब्रसेल्स, यूरोपीय संसद सदस्यों के साथ की बंद कमरे में बैठक

  • Edited by: अमित कुमार मंडल
  • Updated Sep 8, 2023, 09:22 AM IST

ब्रसेल्स में हुई चर्चा संसद के आधिकारिक दैनिक एजेंडे में शामिल नहीं थी। कांग्रेस पार्टी के सूत्रों ने कहा कि चर्चा सफल रही।

Image

राहुल का यूरोप दौरा

Rahul Gandhi: कांग्रेस के नेता राहुल गांधी ने यूरोप के तीन देशों के अपने दौरे की शुरुआत करते हुए गुरुवार को ब्रसेल्स में यूरोपीय संसद के कुछ सदस्यों के साथ बंद कमरे में बैठक की। सूत्रों के मुताबिक, बेल्जियम की राजधानी ब्रसेल्स में उनकी बैठक में जिन विषयों पर चर्चा की गई, उनमें मणिपुर में मानवाधिकार की स्थिति का मुद्दा भी शामिल है। इससे पहले जुलाई में यूरोपीय संघ ने एक प्रस्ताव पारित किया था, जिसका शीर्षक “इंडिया, द सिच्युएशन इन मणिपुर” था।

कांग्रेस ने कहा, चर्चा सफल रही

ब्रसेल्स में हुई चर्चा संसद के आधिकारिक दैनिक एजेंडे में शामिल नहीं थी। कांग्रेस पार्टी के सूत्रों ने कहा कि चर्चा सफल रही। कांग्रेस ने बैठक की पुष्टि करते हुए ट्विटर पर लिखा, राहुल गांधी ने यूरोपीय संसद के सदस्यों के साथ गोलमेज सम्मेलन में हिस्सा लिया। सांसद अलविना अलमेत्सा और सांसद पियरे लारौतुरौ ने इसकी मेजबानी की।

भारतीय प्रवासियों के साथ रात्रिभोज किया

राहुल गांधी ने गुरुवार को इसके बाद मानवाधिकार के मुद्दों पर केंद्रित नागरिक समाज संगठनों द्वारा आयोजित एक कार्यक्रम में भाग लिया। दिन का समापन बेल्जियम स्थित भारतीय प्रवासियों के साथ रात्रि भोज पर बातचीत के साथ हुआ। गांधी शुक्रवार को ब्रसेल्स में उद्योगपतियों के साथ बैठक और मीडिया से बातचीत के बाद पेरिस के लिए रवाना हो जाएंगे। शुक्रवार को फ्रांस की राजधानी में मीडिया को संबोधित करने का उनका कार्यक्रम है।

11 सितंबर को जाएंगे नॉर्वे

इसके बाद 11 सितंबर को राहुल गांधी नॉर्वे जाएंगे, जहां वह राजधानी ओस्लो में सांसदों से मुलाकात करेंगे। वह अनिवासी भारतीयों से भी मिलेंगे और ओस्लो विश्वविद्यालय में एक बैठक में हिस्सा लेंगे। पार्टी के एक वरिष्ठ नेता ने कहा कि इंडियन ओवरसीज कांग्रेस गांधी के लिए कार्यक्रम आयोजित कर रही है। गांधी का जी20 शिखर सम्मेलन के समापन के एक दिन बाद 12 सितंबर की रात स्वदेश लौटने का कार्यक्रम है। (भाषा इनपुट)

अमित कुमार मंडल
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article