दुनिया

'आग से खेल रहे व्लादिमीर', रूस-यूक्रेन युद्ध के बीच पुतिन पर आंख तरेर रहे डोनाल्ड ट्रंप

Russia Ukriane War: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन को चेतावनी दी है कि वह रूस-यूक्रेन युद्ध में 'आग से खेल रहे' हैं। ट्रंप ने न्यू जर्सी के मॉरिसटाउन से वाशिंगटन लौटने के लिए एयर फोर्स वन में चढ़ने से पहले पत्रकारों से कहा, "मैं पुतिन के कामों से खुश नहीं हूं।" उन्होंने कहा, "मुझे नहीं पता कि पुतिन को आखिर क्या हो गया है।"

Image

रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन

Photo : AP

Russia Ukriane War: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप (Donald Trump) ने रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन (Vladimir Putin) को चेतावनी दी है कि वह रूस-यूक्रेन युद्ध में 'आग से खेल रहे' हैं। रूस-यूक्रेन के बीच चल रहे युद्ध के जल्द खत्म होने के कोई संकेत नहीं दिख रहे।

ट्रंप ने क्या कुछ कहा?

ट्रंप ने मंगलवार को अपने ट्रुथ सोशल पोस्ट में लिखा, "व्लादिमीर पुतिन को यह एहसास नहीं है कि अगर मैं नहीं होता, तो रूस के साथ बहुत बुरी चीजें पहले ही हो चुकी होती और सचमुच मेरा मतलब यह है कि बहुत बुरी चीजें। वह आग से खेल रहे हैं।" सिन्हुआ समाचार एजेंसी की रिपोर्ट के अनुसार, ट्रंप ने रविवार को पुतिन और यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोडिमिर जेलेंस्की दोनों पर तीखी टिप्पणियां की थीं।

पुतिन के कामों से खुश नहीं ट्रंप

ट्रंप ने न्यू जर्सी के मॉरिसटाउन से वाशिंगटन लौटने के लिए एयर फोर्स वन में चढ़ने से पहले पत्रकारों से कहा, "मैं पुतिन के कामों से खुश नहीं हूं।" उन्होंने कहा, "मुझे नहीं पता कि पुतिन को आखिर क्या हो गया है।" हालांकि, रविवार शाम को ट्रंप ने ट्रुथ सोशल पर पोस्ट किया कि पुतिन "पूरी तरह पागल हो गए हैं।"

इसके बाद उन्होंने जेलेंस्की पर भी टिप्पणी की और कहा कि वह अपने देश का "कोई भला नहीं कर रहे" क्योंकि वह जिस तरह बात कर रहे हैं, वह ठीक नहीं है। यह टिप्पणी जेलेंस्की के रविवार को रूस के हालिया हमलों पर अमेरिका की चुप्पी की आलोचना करने वाले बयानों के जवाब में थी।

रूस ने दिया यह जवाब

ट्रंप प्रशासन ने हाल के महीनों में चेतावनी दी है कि वह रूस और यूक्रेन के बीच युद्धविराम के लिए चल रही निराशाजनक बातचीत से पीछे हट सकता है। ट्रंप की बढ़ती आलोचना के जवाब में रूसी सुरक्षा परिषद के उपाध्यक्ष दिमित्री मेदवेदेव ने मंगलवार को एक सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा, "ट्रंप के पुतिन के 'आग से खेलने' और रूस के साथ 'वास्तव में बुरी चीजें' होने के बयान के बारे में, मुझे केवल एक वास्तव में बुरी चीज की जानकारी है- तीसरा विश्व युद्ध। मुझे उम्मीद है कि ट्रंप इसे समझते हैं।"

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article