दुनिया

इजराइल-ईरान में जंग हुई शुरू तो परेशान दिखे रूस और अमेरिका; पुतिन-ट्रंप ने फोन पर की बात

ईरान और इजराइल एक दूसरे पर पिछले दो दिनों से हमले कर रहा है। दोनों ही देशों को इन हमलों में भारी नुकसान पहुंचा है। इजराइल ने शुक्रवार को इन हमलों की शुरुआत की और फिर ईरान ने बैलिस्टिक मिसाइलों से तेल अवीव पर धावा बोल दिया।

Image

रूसी राष्ट्रपति पुतिन और अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप (फाइल फोटो)

Photo : AP

ईरान-इजराइल के बीच जंग शुरू होने के बाद से मिडिल ईस्ट में स्थिति बिगड़ गई। जिसे लेकर अब अमेरिका और रूस भी परेशान दिखने लगा है। ईरान, रूस का सहयोगी और इजराइल, अमेरिका का। ऐसे में दोनों देश अप्रत्यक्ष और प्रत्यक्ष रूप से भी इस जंग में शामिल हैं। इन्हीं मुद्दों को लेकर अमेरिका और रूस के राष्ट्रपति ने फोन पर बात की है।

पुतिन और ट्रंप ने की बात

रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव और यूक्रेन शांति वार्ता पर चर्चा के लिए शनिवार को 50 मिनट तक फोन पर बातचीत की। पुतिन के सहयोगी यूरी उशाकोव ने शनिवार को इसकी जानकारी दी। बातचीत के दौरान पुतिन ने ट्रंप को ईरान और इजराइल के नेताओं के साथ अपनी हालिया बातचीत के बारे में जानकारी दी और ईरानी परमाणु मुद्दे पर परस्पर स्वीकार्य समाधान तलाशने के रूस के प्रस्ताव को दोहराया।

ईरानी परमाणु कार्यक्रम पर बातचीत की संभावना

पुतिन और ट्रंप के बीच बातचीत के बाद उशाकोव ने पत्रकारों से कहा कि स्वाभाविक रूप से, विचारों के आदान-प्रदान के केंद्र में पश्चिम एशिया में तनाव का खतरनाक रूप से बढ़ना रहा। उन्होंने बताया कि ट्रंप ने क्षेत्रीय स्थिति को ‘‘बहुत चिंताजनक’’ बताया और दोनों नेताओं में से किसी ने भी ईरानी परमाणु कार्यक्रम पर बातचीत की संभावना से इनकार नहीं किया।

यूक्रेन मुद्दे पर भी हुई बात

उशाकोव के अनुसार, पुतिन ने इस्तांबुल में रूसी और यूक्रेनी प्रतिनिधिमंडलों के बीच शांति वार्ता के दौरान युद्धबंदियों के आदान-प्रदान समेत हुए समझौतों के कार्यान्वयन के बारे में ट्रंप को जानकारी दी।

Shishupal Kumar
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article