रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने मंगलवार को आरोप लगाया कि कीव के यूरोपीय सहयोगी, अमेरिका की अगुवाई वाले शांति प्रयासों को लगातार बाधित कर रहे हैं और लगभग चार साल पुराने यूक्रेन युद्ध को समाप्त करने की कोई वास्तविक इच्छा नहीं रखते। मीडिया से बात करते हुए पुतिन ने कहा, “उनके पास कोई शांति एजेंडा नहीं है, वे युद्ध के पक्ष में हैं।” उन्होंने यह टिप्पणी उस समय की, जब वह क्रेमलिन में अमेरिकी दूत स्टीव विटकॉफ और राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के दामाद जैरेड कुशनर के नेतृत्व वाले अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात की तैयारी कर रहे थे।
यूरोपीय देश के संशोधन स्वीकार्य नहीं- पुतिन
पुतिन के ताजा आरोपों को ट्रंप प्रशासन और यूरोपीय देशों के बीच अविश्वास पैदा करने की कोशिश और शांति प्रक्रिया की धीमी प्रगति के लिए रूस को जिम्मेदार ठहराए जाने की आशंका को पहले से ही नकारने के प्रयास के रूप में देखा जा रहा है। रूसी राष्ट्रपति ने आरोप लगाया कि यूरोपीय देशों ने शांति प्रस्तावों में ऐसे संशोधन किए हैं जो “रूस के लिए बिल्कुल अस्वीकार्य” हैं। उनके मुताबिक, यूरोपीय राष्ट्र ऐसे बदलावों के ज़रिए “पूरी शांति प्रक्रिया को अवरुद्ध” कर रहे हैं और उसके बाद दोष रूस पर मढ़ रहे हैं। पुतिन ने कहा, “यही उनका लक्ष्य है।”
जेलेंस्की का यूरोप दौरा
इस बीच, विटकॉफ की मॉस्को यात्रा के बीच यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की आयरलैंड गए हैं। जेलेंस्की लगातार यूरोप के उन देशों की यात्राएं कर रहे हैं, जिन्होंने रूस के आक्रमण के खिलाफ उनके देश की लड़ाई को जारी रखने में मदद की है।
