दुनिया

Tibet Earthquake: तिब्बत के नागकू में आया 7.0 तीव्रता का भीषण भूकंप, 16 लोगों की मौत, सैकड़ों मकान जमींदोज

Tibet Earthquake: चीन के तिब्बत क्षेत्र में नागकू के पास 7.0 तीव्रता का भीषण भूकंप आया है। हादसे में कम से कम 16 लोगों की मौत हो गई, 46 घायल हुए हैं और सैकड़ों घर जमींदोज हो गए हैं।

Image

राहत-बचाव कार्य में जुटे 1600 जवान

Tibet Earthquake: चीन के स्वायत्त क्षेत्र तिब्बत के उत्तरी भाग में स्थित नागकू शहर के पास गुरुवार शाम आए 7.0 तीव्रता के विनाशकारी भूकंप ने भारी तबाही मचाई है। आधिकारिक मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस भीषण प्राकृतिक आपदा में कम से कम 16 लोगों की मौत हो गई है, जबकि 46 लोग गंभीर और आंशिक रूप से घायल हुए हैं। भूकंप के झटकों के कारण सैकड़ों रिहायशी मकान पूरी तरह ध्वस्त होकर मलबे में तब्दील हो गए हैं।

339 मकान और 20 मवेशी शेड ध्वस्त

नागकू मीडिया ऑफिस ने स्थानीय सरकारी अधिकारियों के हवाले से जानकारी दी कि अब तक कम से कम 339 मकान और 20 मवेशी शेड पूरी तरह से गिर गए हैं। हादसे में घायल हुए 46 लोगों में से 11 लोगों की हालत बेहद गंभीर बनी हुई है, जबकि 35 अन्य लोगों को मामूली चोटें आई हैं। स्थानीय स्तर पर बड़े पैमाने पर खोज एवं बचाव अभियान चलाया जा रहा है।

बचाव कार्य में 1600 से अधिक जवान तैनात

प्रभावित काउंटी और आसपास के इलाकों से 1,600 से अधिक बचाव कर्मियों और जवानों को राहत कार्यों में लगाया गया है। मलबे में फंसे लोगों को निकालने और बेघर हुए लोगों की मदद के लिए 1,000 प्रीफैब्रिकेटेड हाउसिंग यूनिट्स, लगभग 3,000 टेंट, फोल्डिंग बेड, टॉर्च और गर्म कपड़े (विंटर वियर) तुरंत प्रभावित इलाकों में पहुंचा दिए गए हैं। चीन की सरकारी समाचार एजेंसी शिन्हुआ के अनुसार, भूकंप प्रभावित इस उच्च-ऊंचाई वाले क्षेत्र में अगले तीन दिनों के दौरान रुक-रुक कर भारी बर्फबारी होने का अनुमान जताया गया है, जिससे बचाव कार्यों में और बाधा आ सकती है।

नेशनल हाईवे 317 बंद, ट्रेन सेवाएं रोकी गईं

भूकंप के भीषण झटकों के कारण पहाड़ियों से भूस्खलन हुआ, जिसके कारण अधिकारियों को नेशनल हाईवे 317 का एक बड़ा हिस्सा बंद करना पड़ा है। फिलहाल इस हाईवे से केवल आपातकालीन, राहत-बचाव और आधिकारिक सहायता वाहनों को ही गुजरने की अनुमति दी जा रही है। इसके अतिरिक्त, भूकंप प्रभावित हिस्सों में संचार व्यवस्था भी ठप हो गई है। स्थानीय रेलवे अधिकारियों ने ऐहतियात के तौर पर इस क्षेत्र से गुजरने वाली ट्रेनों की आवाजाही पर आपातकालीन रोक लगा दी है।

बीते 5 सालों का सबसे बड़ा भूकंप

चीन के राष्ट्रीय प्रसारक सीसीटीवी के मुताबिक, यह पिछले पांच वर्षों में इस क्षेत्र में आया सबसे शक्तिशाली और बड़ा भूकंप है। अमेरिकी भूगर्भीय सर्वेक्षण (USGS) के अनुसार, यह भूकंप स्थानीय समयानुसार गुरुवार रात 10:33 बजे आया। इसका केंद्र नागकू से 191 किलोमीटर पूर्व-उत्तर-पूर्व में उत्तरी तिब्बत के एक कम आबादी वाले, उच्च-ऊंचाई वाले क्षेत्र में था। जमीन के भीतर इसकी गहराई 18 किलोमीटर दर्ज की गई। गौरतलब है कि प्रभावित शहर नागकू, तिब्बत की राजधानी ल्हासा से 300 किलोमीटर से अधिक उत्तर दिशा में स्थित है।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article