श्रीलंका और इंग्लैंड के बीच पाकिस्तान वनडे ट्राई-सीरीज 2026 के तीसरे मैच में कई बड़े रिकॉर्ड्स बने और कई पुराने रिकॉर्ड ध्वस्त हो गए। श्रीलंका और इंग्लैंड ने जमकर रनों की बारिश की और अंत में श्रीलंकाई टीम ने अपनी सबसे ऐतिहासिक वनडे जीत दर्ज की। श्रीलंका ने कौन सा नया रिकॉर्ड बना दिया है, यहां सब कुछ जानिए।
वनडे क्रिकेट में दूसरा सबसे बड़ा रन-चेज करने का भारत का रिकॉर्ड सिर्फ 22 दिन ही टिक पाया। रावलपिंडी क्रिकेट स्टेडियम में श्रीलंकाई टीम ने नया इतिहास रच दिया। पाकिस्तान, इंग्लैंड और श्रीलंका के बीच चल रही वनडे ट्राई-सीरीज के तीसरे मैच में श्रीलंका ने 430 रनों के विशाल लक्ष्य का पीछा करते हुए एक गेंद शेष रहते जीत हासिल की। यह इस सीरीज में श्रीलंका की पहली जीत थी।
इंग्लैंड के कप्तान हैरी ब्रूक ने वनडे क्रिकेट में सबसे तेज दोहरा शतक (116 गेंदों में 202 रन) लगाने का रिकॉर्ड बनाया, जिससे इंग्लैंड ने बोर्ड पर 429 रनों का बड़ा स्कोर खड़ा कर दिया। हालांकि, श्रीलंकाई टीम ने यादगार प्रदर्शन करते हुए वनडे क्रिकेट के इतिहास में अपना सबसे बड़ा सफल रन-चेज पूरा किया। अविष्का फर्नांडो (83 गेंदों में 97 रन), पवन रत्नायके (106 गेंदों में 130 रन), दासुन शनाका (50 गेंदों में 97 रन) और जनिथ लियानागे (27 गेंदों में 61 रन) इस जीत के मुख्य नायक रहे।
वनडे क्रिकेट के इतिहास में, 1996 की विश्व चैंपियन श्रीलंका द्वारा हासिल किए गए इस लक्ष्य से बड़ा केवल एक ही रन-चेज है, वो था 2006 में जोहान्सबर्ग में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ दक्षिण अफ्रीका का 435 रनों का ऐतिहासिक रन-चेज। हैरानी की बात यह है कि पिछले महीने तक, वनडे क्रिकेट के इतिहास में 400 से ज्यादा रनों का पीछा करने का केवल एक ही उदाहरण था, लेकिन पिछले 23 दिनों में ऐसा दो बार हो चुका है।
श्रीलंका अपने देश से बाहर वनडे क्रिकेट में 400 से ज़्यादा रनों के लक्ष्य का पीछा करने वाली पहली टीम है। इसके साथ ही वो वनडे मैचों में दूसरी पारी में दो बार 400 रन बनाने वाली पहली टीम भी बन गई है। ऐसा पहली बार 2009 में हुआ था, जब उन्होंने राजकोट में भारत के खिलाफ 411 रन बनाए थे, लेकिन वे तीन रन से हार गए थे। यह इकलौता ऐसा मौका है जब किसी टीम ने लक्ष्य का पीछा करते हुए 400 से ज़्यादा रन बनाए, फिर भी उसे हार का सामना करना पड़ा।
श्रीलंका ने वनडे क्रिकेट के इतिहास में अपने सबसे बड़े सफल रन-चेज़ का 20 साल पुराना रिकॉर्ड भी तोड़ दिया है। इससे पहले, उन्होंने 2006 में लीड्स में इंग्लैंड के खिलाफ 324 रनों के लक्ष्य का सफलतापूर्वक पीछा किया था।
श्रीलंका और इंग्लैंड के बीच इस वनडे मैच में दोनों टीमों ने मिलाकर कुल 859 रन बनाए, जो दक्षिण अफ्रीका और ऑस्ट्रेलिया के बीच हुए मुकाबले (जिसमें 872 रन बने थे) के बाद वनडे क्रिकेट में दूसरा सबसे बड़ा कुल स्कोर है।