Brazil Tornado: ब्राजील के दक्षिणी राज्य पराना में शुक्रवार रात आए एक शक्तिशाली तूफान में छह लोगों की मौत हो गई और 400 से अधिक घायल हो गए। प्रांत के अधिकारियों ने शनिवार को बताया कि 250 किलोमीटर प्रति घंटे से अधिक की गति वाले इस बवंडर के कारण दर्जनों मकान नष्ट हो गए और सरकार को प्रभावित क्षेत्र में आपातकाल घोषित करना पड़ा।
14 वर्षीय लड़की ने भी तोड़ा दम
राज्य के अधिकारियों ने एक बयान में बताया कि बवंडर के आने के कुछ घंटों बाद ही कम से कम एक व्यक्ति लापता हो गया। मारे गए लोगों में पांच वयस्क हैं और 14 साल की एक लड़की थी। सरकार ने बताया कि बच्चों और गर्भवती महिलाओं समेत 437 लोगों को अस्पतालों और घटनास्थल पर मौजूद इकाइयों में चिकित्सा सुविधा प्रदान की गई। इनमें से कम से कम 10 की सर्जरी की गई और नौ की हालत गंभीर बनी हुई है। सोशल मीडिया पर ब्राजील के राष्ट्रपति लुईस इनासियो लूला दा सिल्वा ने पीड़ितों के प्रति एकजुटता व्यक्त की।
राष्ट्रपति ने जताया दुख
राष्ट्रपति लूला डा सिल्वा ने शक्तिशाली बवंडर से हुए जानमान के नुकसान पर दुख जताया। उन्होंने 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, ''मैं उन सभी परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करना चाहता हूं जिन्होंने बवंडर में अपने प्रियजनों को खो दिया और सभी प्रभावितों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करता हूं।''
उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य और एकीकरण एवं क्षेत्रीय विकास मंत्रालयों के प्रतिनिधियों वाली मंत्री ग्लेसी हॉफमैन के नेतृत्व में एक टीम इस क्षेत्र का दौरा कर रही है। मानवीय सहायता और पुनर्निर्माण में विशेषज्ञता रखने वाले राष्ट्रीय नागरिक सुरक्षा के तकनीशियन पहले ही शहरों के लिए रवाना हो चुके हैं और राष्ट्रीय स्वास्थ्य प्रणाली (SUS) के पेशेवर लोगों और पीड़ितों के बचाव और सहायता में शामिल पराना राज्य सरकार की टीमों को सहायता प्रदान करेंगे। हम पराना के लोगों का समर्थन करना जारी रखेंगे और सभी आवश्यक सहायता प्रदान करेंगे।
