Narendra Modi France Visit: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी फ्रांस दौरे पर हैं। वे बैस्टिल दिवस परेड में राष्ट्रपति इमैनुअल मैक्रों के साथ विशिष्ट अतिथि के तौर पर शामिल हुए। इसके बाद उन्होंने पेरिस में प्रतिष्ठित हस्तियों से मुलाकात की। इसी क्रम में उन्होंने 100 साल की होने वाली योगा (Yoga) प्रैक्टिशनर चार्लोट चोपिन से भी मुलाकात की। पीएम मोदी ने कहा कि पेरिस में मुझे उल्लेखनीय चार्लोट चोपिन (Charlotte Chopin) से मिलने का अवसर मिला। उन्होंने 50 साल की उम्र में योगाभ्यास करना शुरू किया था। वह जल्द ही सौ साल की होने वाली हैं लेकिन योग और फिटनेस के प्रति उनका जुनून पिछले कुछ वर्षों में बढ़ता ही गया है। इनके अलावा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पेरिस में चैनल की वैश्विक सीईओ लीना नायर, एयरोस्पेस इंजीनियर और पायलट थॉमस पेस्केट से मुलाकात की। पीएम ने कहा कि चैनल की ग्लोबल सीईओ लीना नायर से मुलाकात हुई। भारतीय मूल के किसी व्यक्ति से मिलना हमेशा खुशी की बात होती है जिसने विश्व मंच पर अपनी छाप छोड़ी है। कारीगरों के बीच कौशल विकास को और बढ़ावा देने और खादी को और अधिक लोकप्रिय बनाने के तरीकों पर हमारी अच्छी बातचीत हुई।
इससे पहले पीएम मोदी बैस्टिल दिवस परेड पर फ्रांसीसी लड़ाकू विमानों के साथ भारतीय वायुसेना (आईएएफ) के राफेल लड़ाकू विमान भी फ्लाईपास्ट में शामिल हुए। प्रधानमंत्री मोदी ने ‘मार्च-पास्ट’ की तस्वीरों के साथ ट्वीट किया कि बैस्टिल दिवस के इस ऐतिहासिक मौके पर पेरिस में परेड में शामिल हुआ। गर्मजोशी से किये गये स्वागत और सम्मान के लिए मैं हृदय से आभार व्यक्त करता हूं। मोदी ने ट्वीट किया कि भारत, सदियों पुराने अपने मूल्यों से प्रेरित होकर, हमारे ग्रह को शांतिपूर्ण, समृद्ध और सतत बनाने की खातिर हरसंभव प्रयास करने के लिए प्रतिबद्ध है। भारत के 1.4 अरब लोग एक मजबूत और विश्वसनीय भागीदार होने के लिए हमेशा फ्रांस के आभारी रहेंगे। यह संबंध और भी मजबूत हों।
राष्ट्रपति मैक्रों ने ट्वीट किया कि विश्व इतिहास में एक दिग्गज, भविष्य में निर्णायक भूमिका निभाने वाला, एक रणनीतिक साझेदार, एक मित्र। हमें 14 जुलाई की परेड में अपने सम्मानित अतिथि के रूप में भारत का स्वागत करने पर गर्व है। उन्होंने कहा कि इस 14 जुलाई को भारत के सैनिक और राफेल विमान हमारे सैनिकों के साथ मार्च कर रहे हैं और उड़ान भर रहे हैं। फ्रांसीसी राष्ट्रपति ने एक अन्य ट्वीट में कहा कि हम उन लोगों की स्मृति का सम्मान करते हैं जिन्होंने प्रथम विश्व युद्ध में फ्रांसीसियों के साथ लड़ाई लड़ी थी। हम यह कभी नहीं भूलेंगे।
‘सारे जहां से अच्छा’ की धुन पर मार्च करते हुए भारत की तीनों सेनाओं के 241 सदस्यीय दल ने परेड में भाग लिया। परेड में एक सैन्य बैंड ने भी हिस्सा लिया। भारतीय सेना की टुकड़ी का नेतृत्व राजपूताना राइफल्स रेजिमेंट के साथ पंजाब रेजिमेंट ने किया। हाशिमारा वायुसेना स्टेशन से 101 स्क्वाड्रन से राफेल लड़ाकू विमान परेड के दौरान ‘फ्लाई पास्ट’ का हिस्सा बने।
प्रधानमंत्री मोदी ने मंच के सामने से गुजरते समय भारतीय दल को सलामी दी, जहां वह मैक्रों और अन्य गणमान्य व्यक्तियों के साथ बैठे हुए थे। पूरी परेड के दौरान मैक्रों मोदी को पारंपरिक परेड की विशेषताओं के बारे में बताते हुए दिखे। फ्रांसीसी राष्ट्रीय दिवस या बैस्टिल दिवस का फ्रांस के इतिहास में एक विशेष स्थान है क्योंकि यह 1789 में हुई फ्रांसीसी क्रांति के दौरान बैस्टिल जेल पर हुए हमले की याद दिलाता है। इस समारोह का मुख्य आकर्षण बैस्टिल दिवस परेड होती है।
