दुनिया

होर्मुज में भारतीय नाविकों की मौत के बीच फ्रांस में PM मोदी से मिलेंगे ट्रंप; व्हाइट हाउस ने की पुष्टि

G7 Summit: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी फ्रांस में जी7 शिखर सम्मेलन से इतर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से मुलाकात करेंगे। व्हाइट हाउस ने शनिवार को दोनों नेताओं के बीच होने वाली मुलाकात की पुष्टि की है।

Image

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप (फाइल फोटो)

G7 Summit: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी फ्रांस में जी7 शिखर सम्मेलन से इतर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से मुलाकात करेंगे। व्हाइट हाउस ने शनिवार को दोनों नेताओं के बीच होने वाली मुलाकात की पुष्टि की है। वरिष्ठ अमेरिकी प्रशासनिक अधिकारी के मुताबिक, पीएम मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप फ्रांस में जी7 शिखर सम्मेलन के दौरान द्विपक्षीय बैठक करेंगे।

किन मुद्दों पर होगी बात?

सूत्रों के मुताबिक, बैठक में ऊर्जा सहयोग, एच-1बी वीजा नीति, क्षेत्रीय सुरक्षा और पश्चिम एशिया की मौजूदा स्थिति जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है। दोनों देशों के बीच बढ़ते आर्थिक और रणनीतिक संबंधों के मद्देनजर इस बैठक को काफी अहम माना जा रहा है।

यह मुलाकात ऐसे समय में हो रही है जब हाल ही में होर्मुज के पास भारतीय नाविकों वाले वाणिज्यिक जहाजों पर हुए हमलों को लेकर भारत ने कड़ी प्रतिक्रिया दी थी। पलाऊ के झंडे वाले तेल टैंकर एमटी सेटेबेल्लो पर हुए हमले में तीन भारतीय नाविकों की मौत हो गई थी, जबकि भारतीय चालक दल वाले दो अन्य जहाजों को भी निशाना बनाया गया था।

ट्रंप कब जाएंगे फ्रांस?

बकौल अमेरिकी अधिकारी, राष्ट्रपति ट्रंप 15 जून की सुबह फ्रांस के लिए रवाना होंगे, जहां वह जी7 शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेंगे। इस दौरान, वह जी7 देशों के नेताओं के साथ होर्मुज तनाव, सप्लाई चेन, अवैध प्रवासन, एआई जैसे वैश्विक मुद्दों पर चर्चा करेंगे।

मैक्रों और जेलेंस्की से भी मिलेंगे ट्रंप

फ्रांस पहुंचने के बाद ट्रंप की फ्रांसीसी राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों के साथ द्विपक्षीय बैठक करेंगे। इसके बाद वह जी7 नेताओं के साथ आधिकारिक स्वागत समारोह और रात्रिभोज में शामिल होंगे। सम्मेलन के दौरान ट्रंप यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की के साथ भी बैठक करेंगे।

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article