Coast Ship Attack: संयुक्त राष्ट्र (United Nation) ने होर्मुज स्ट्रेट में वाणिज्यिक जहाजों पर हुए हमले की कड़ी निंदा की, जिसमें तीन भारतीय नाविकों की मौत हो गई। संयुक्त राष्ट्र महासचिव के प्रवक्ता स्टीफन दुजारिक ने कहा कि महासचिव ने अंतरराष्ट्रीय कानून के तहत नौवहन अधिकारों और समुद्री स्वतंत्रता का सम्मान की आवश्यकता पर जोर दिया।
'वार्ता के जरिए हो सकता है समाधान'
दुजारिक ने कहा, "महासचिव सभी पक्षों से अंतरराष्ट्रीय कानून के तहत अपनी जिम्मेदारियों का पालन करने और नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए हर संभव एहतियाती कदम उठाने का आग्रह करते हैं। उनका मानना है कि मौजूदा तनाव का समाधान केवल सार्थक संवाद और वार्ता के जरिए ही संभव है।"
उन्होंने आगे कहा कि संयुक्त राष्ट्र महासचिव ने अमेरिका और ईरान से क्षेत्रीय तथा वैश्विक शांति और सुरक्षा को मजबूत करने वाले व्यापक, स्थायी और शांतिपूर्ण समझौते की दिशा में प्रयास तेज करने का आह्वान किया है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: ओमान तट के पास जहाज पर हुए हमले को लेकर सरकार सख्त, अमेरिकी राजनयिक को तलब कर जताया कड़ा विरोध; 3 भारतीय हैं लापता
भारतीय नाविकों की मौत पर जताया दुख
दुजारिक ने कहा कि हाल के दिनों में कई जहाज हमलों का शिकार हुए हैं। इनमें तेल टैंकर 'सेत्तेबेलो' भी शामिल है, जिस पर हुए हमले में कई भारतीय नाविकों की जान चली गई। इस हमले की अंतरराष्ट्रीय समुद्री संगठन के महासचिव ने भी स्पष्ट रूप से निंदा की है।
यूएन ने एक बार फिर जोर देकर कहा कि क्षेत्र में बढ़ते तनाव को कम करने और समुद्री मार्गों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सभी पक्षों को संयम बरतना चाहिए तथा कूटनीतिक समाधान की दिशा में आगे बढ़ना चाहिए।
भारतीय नाविकों वाले तीन जहाजों पर हुआ हमला
सनद रहे कि 8 जून को पलाऊ के झंडे वाले तेल टैंकर 'मारिवेक्स' पर कार्रवाई हुई थी, जिसमें सवार 24 भारतीय चालक दल के सदस्यों को सुरक्षित बचा लिया गया था। इसके बाद 10 जून को पलाऊ के ही झंडे वाले टैंकर 'सेटेबेलो' पर हुए हमले में 24 भारतीय नाविक सवार थे, जिनमें से तीन की मौत हो गई। वहीं, गिनी-बिसाऊ के झंडे वाले टैंकर 'जलवीर' पर भी हमला हुआ, जिसमें 20 भारतीय चालक दल के सदस्य मौजूद थे।
