PM Modi In G7 Summit: फ्रांस में चल रही जी 7 समिट के दौरान पीएम नरेंद्र मोदी और कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी के बीच बातचीत हुई। बातचीत के दौरान मार्क कार्नी ने पीएम मोदी को कनाडा आने का न्योता दिया। हालांकि, न्योता स्वीकार करते हुए पीएम मोदी ने एक मजेदार बात कही। उन्होंने कहा वह इस साल कनाडा का दौरा करने के लिए पूरा प्रयास जरूर करेंगे। हालांकि, कोशिश रहेगी कि मेरे कनाडा पहुंचने से पहले ही दोनों देशों के बीच मुक्त व्यापार समझौते को पूरी तरह अंतिम रूप दे दिया जाए।
बता दें कि भारत और कनाडा के बीच लंबे समय से लंबित मुक्त व्यापार समझौते (Free Trade Agreement) को लेकर पीएम मोदी ने बड़ा अपडेट दिया। उन्होंने कनाडाई पीएम से कहा, "दोनों देश, मुक्त व्यापार समझौते को लेकर बेहद उत्सुक हैं। चूंकि आपने मुझे कनाडा आने का निमंत्रण दिया है, इसलिए मैं इस साल वहां आने का प्रयास करूंगा।"
भारतीय प्रवासियों की सुरक्षा पर चर्चा
बैठक के दौरान पीएम मोदी ने कनाडा में रह रहे लाखों भारतीय प्रवासियों का मुद्दा भी उठाया। कनाडा में भारतीयों की सुरक्षा और हितों के प्रति कनाडाई प्रधानमंत्री द्वारा जताई गई चिंता के लिए पीएम मोदी ने उनका विशेष रूप से आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि मित्र देशों के रूप में भारत और कनाडा लगातार महत्वपूर्ण प्रगति कर रहे हैं।
टेक्नोलॉजी और एनर्जी सिक्योरिटी पर रहेगा फोकस
भविष्य की रणनीतियों पर बात करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने साफ किया कि भारत तकनीक (Technology) के क्षेत्र में बहुत आगे बढ़ना चाहता है, और भारत की ऊर्जा सुरक्षा में कनाडा एक बहुत बड़ा और महत्वपूर्ण भागीदार बन सकता है। उन्होंने उम्मीद जताई कि आज की इस बैठक में इन सभी रणनीतिक क्षेत्रों पर बेहद सार्थक और गंभीर चर्चा होगी।
G7 समिट में PM मोदी और ब्रिटिश PM कीर स्टार्मर की मुलाकात
फ्रांस के एवियन में आयोजित G7 समिट के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर के साथ द्विपक्षीय बैठक की। दोनों नेताओं ने पिछले वर्ष दोनों देशों के प्रधानमंत्रियों के आपसी दौरों के बाद भारत-ब्रिटेन संबंधों में आई तेजी की समीक्षा की और Vision 2035 के तहत सहयोग को और मजबूत करने पर सहमति जताई। बैठक में व्यापार और आर्थिक विकास, रक्षा और सुरक्षा, जलवायु कार्रवाई, ग्रीन एनर्जी, टेक्नोलॉजी, इनोवेशन, शिक्षा और लोगों के बीच संपर्क जैसे प्रमुख क्षेत्रों पर चर्चा हुई। दोनों नेताओं ने इन क्षेत्रों में हो रही प्रगति का स्वागत किया।
प्रधानमंत्री मोदी ने इस साल नई दिल्ली में आयोजित AI Impact Summit में ब्रिटेन की मजबूत भागीदारी के लिए प्रधानमंत्री स्टार्मर का आभार जताया। साथ ही भारत-यूके टेक्नोलॉजी सिक्योरिटी इनिशिएटिव के तहत हो रही प्रगति की सराहना की। बैठक के दौरान हाल ही में लॉन्च किए गए India–UK Critical Minerals Global Supply Chain Observatory को भी दोनों देशों के बीच रणनीतिक सहयोग का अहम कदम बताया गया। दोनों नेताओं ने भविष्य में तकनीक, निवेश और वैश्विक सप्लाई चेन के क्षेत्र में सहयोग और मजबूत करने का भरोसा जताया।
