दुनिया

इंडोनेशिया में PM मोदी का ग्रैंड वेलकम, फाइटर जेट्स ने किया एस्कॉर्ट, खुद राष्ट्रपति ने एयरपोर्ट पर की अगवानी

पीएम मोदी तीन देशों के अपने दौरे के पहले चरण में इंडोनेशिया पहुंच गए हैं। यहां उनका बेहद गर्मजोशी से स्वागत किया गया। राष्ट्रपति प्राबोवो सुबियांतो के निमंत्रण पर प्रधानमंत्री छह से आठ जुलाई तक इंडोनेशिया की यात्रा करेंगे।

Image

जाकार्ता में पीएम मोदी का भव्य स्वागत। (फोटो- pti)

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी छह से 11 जुलाई तक अपने तीन देशों के दौरे के पहले चरण में सोमवार को इंडोनेशिया की राजधानी जकार्ता पहुंच गए। यहां उनका बेहद गर्मजोशी से स्वागत किया गया। जकार्ता के एयरपोर्ट पर खुद इंडोनेशिया के राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो ने स्वयं उनका स्वागत किया।

इंडोनेशियाई वायुसेना के फाइटर जेट्स ने किया एस्कॉर्ट

यहां इंडोनेशियाई वायुसेना के फाइटर जेट्स ने भारतीय प्रधानमंत्री के विशेष विमान को इंडोनेशिया के हवाई क्षेत्र में प्रवेश करने के बाद से लेकर जकार्ता तक एस्कॉर्ट किया। इसे राजकीय सम्मान और दोनों देशों के बीच मजबूत रणनीतिक साझेदारी का प्रतीक माना जा रहा है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पारंपरिक अंदाज में भव्य स्वागत

इंडोनेशिया की राजधानी जकार्ता पहुंचे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पारंपरिक अंदाज में भव्य स्वागत किया गया। अपने होटल पहुंचने पर प्रधानमंत्री ने स्थानीय कलाकारों द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आनंद लिया, जिनमें इंडोनेशिया की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत की झलक देखने को मिली।

भारतीय समुदाय के लोगों से भी की मुलाकात

इस दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने होटल के बाहर बड़ी संख्या में मौजूद भारतीय समुदाय के लोगों से भी मुलाकात की। उन्होंने हाथ हिलाकर और अभिवादन स्वीकार करते हुए प्रवासी भारतीयों का उत्साहवर्धन किया। भारतीय समुदाय ने भी प्रधानमंत्री का गर्मजोशी से स्वागत किया और उनके सम्मान में जोरदार उत्साह दिखाया।

राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो द्वारा स्वागत के लिए पीएम मोदी ने जताया आभार

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इंडोनेशिया की राजधानी जकार्ता पहुंचने के बाद कहा कि राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो द्वारा एयरपोर्ट पर व्यक्तिगत रूप से किए गए स्वागत से वे बेहद अभिभूत हैं। उन्होंने कहा कि यह दोनों देशों के बीच गहरी मित्रता और आपसी विश्वास का प्रतीक है।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि वर्ष 2018 में भारत और इंडोनेशिया ने अपने संबंधों को कॉम्प्रिहेंसिव स्ट्रैटेजिक पार्टनरशिप का दर्जा दिया था,जिससे दोनों देशों के लोगों को कई महत्वपूर्ण लाभ मिले हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि इस यात्रा के दौरान राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो के साथ होने वाली उनकी वार्ता इस साझेदारी को विभिन्न क्षेत्रों में नई गति देगी। प्रधानमंत्री मोदी ने यह भी कहा कि इंडोनेशिया प्रवास के दौरान वे वहां रह रहे भारतीय समुदाय से मुलाकात को लेकर भी उत्साहित हैं। उन्होंने कहा कि भारतीय प्रवासी दोनों देशों के रिश्तों को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

छह से आठ जुलाई तक इंडोनेशिया की यात्रा पर पीएम मोदी

बता दें कि राष्ट्रपति प्राबोवो सुबियांतो के निमंत्रण पर प्रधानमंत्री छह से आठ जुलाई तक इंडोनेशिया की यात्रा हैं। पीएम मोदी इस यात्रा के दौरान वह इंडोनेशिया में भारतीय समुदाय के लोगों से भी बातचीत करेंगे और राष्ट्रपति प्राबोवो के साथ योग्याकार्ता में प्रम्बानन मंदिर परिसर का दौरा करेंगे,जो दोनों देशों के बीच घनिष्ठ सांस्कृतिक संबंधों का एक और उल्लेखनीय प्रमाण है। इंडोनेशिया से पीएम मोदी ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज के निमंत्रण पर मेलबर्न जाएंगे।

इससे पहले, जनवरी 2025 में राष्ट्रपति प्राबोवो ने भारत की यात्रा की थी। वे गणतंत्र दिवस समारोह में मुख्य अतिथि के तौर पर भारत आए थे।

गौरतलब है कि प्रधानमंत्री मोदी तीन देशों इंडोनेशिया,ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड की आधिकारिक यात्रा पर हैं। इस दौरे के दौरान वे शीर्ष नेताओं के साथ द्विपक्षीय वार्ता करेंगे और व्यापार, रक्षा, समुद्री सुरक्षा तथा इंडो-पैसिफिक क्षेत्र में सहयोग को और मजबूत करने पर चर्चा करेंगे।

Shiv Shukla
शिव शुक्लाauthor

शिव शुक्ला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में कार्यरत एक अनुभवी न्यूज राइटर हैं। छह वर्षों के पेशेवर अनुभव के साथ वे डिजिटल पत्रकारिता में तेज, सटीक और प्रभावी कंटेंट तैयार करने के लिए पहचाने जाते हैं। वह राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खबरों, राजनीतिक घटनाक्रमों और गहन विश्लेषण पर विशेष पकड़ रखते हैं। ब्रेकिंग न्यूज कवरेज, लाइव ब्लॉग, एक्सप्लेनर और एनालिसिस आर्टिकल तैयार करने में उन्हें विशेषज्ञता हासिल है। शिव शुक्ला 8,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट प्रकाशित कर चुके हैं। मजबूत न्यूज सेंस, विश्लेषण क्षमता और स्पष्ट लेखन शैली उनकी खासियत है। उन्हें नए स्थानों की यात्रा करना और किताबें पढ़ने का शौक है, जो उनकी लेखन शैली एवं दृष्टिकोण को और समृद्ध बनाता है।

और पढ़ें
End of Article