दुनिया

साउथ सूडान में प्लेन क्रैश; विमान में सवार थे पायलट समेत 14 यात्री, कोई जिंदा नहीं बचा

दक्षिण सूडान में भीषण विमान हादसा हुआ है।इस हादसे में विमान में सवार कोई भी जिंदा नहीं बचा। विमान में 13 यात्री और एक पायलट सवार था।

Image

साउथ सूडान में प्लेन क्रैश।

दक्षिण सूडान में भीषण विमान हादसे की खबर सामने आई है। यहां राजधानी जुबा के बाहरी इलाके में सोमवार को एक बड़ा विमान हादसा हो गया। सिविल एविएशन अथॉरिटी के मुताबिक यहां एक सेसना विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया, जिसमें सवार सभी 13 यात्रियों और पायलट समेत कुल 14 लोगों की मौत हो गई। हादसा जुबा से करीब 20 किलोमीटर दूर हुआ।

शुरुआती जांच में सामने आई ये वजह

सिविल एविएशन अथॉरिटी अधिकारियों ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त विमान सेसना 208 कारवां था,उसका पंजीकरण नंबर 5Y-NOK था। उन्होंने कहा कि इस विमान को सिटीलिंक एविएशन लिमिटेड संचालित कर रही थी। विमान येई से जुबा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के लिए सुबह 9:15 बजे रवाना हुआ था,लेकिन 9:43 बजे उसका संपर्क टूट गया और बाद में क्रैश हो गया। सूडान की सिविल एविएशन अथॉरिटी ने हादसे की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में हादसे की वजह खराब मौसम और कम दृश्यता को बताया गया है।

विमान में दो केन्याई नागरिक भी थे सवार

अधिकारियों के अनुसार विमान में दो केन्याई नागरिक भी सवार थे, जबकि बाकी यात्री दक्षिण सूडान के थे। घटना के बाद जांच और राहत कार्य के लिए टीम मौके पर भेजी गई है। सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में विमान का मलबा जलता हुआ दिखाई दे रहा है।

बता दें कि दक्षिण सूडान, जो दुनिया के सबसे युवा देशों में शुमार है, वहां विमानन उद्योग का सुरक्षा रिकॉर्ड बेहतर नहीं है। साल 2011 में आजादी मिलने के बाद से वहां 55 से भी ज्यादा विमानन दुर्घटनाएं हो चुकी हैं।

जनवरी 2025 में, जुबा जा रहे एक विमान के उड़ान भरने के तीन मिनट बाद दुर्घटनाग्रस्त हो जाने से 20 तेल कर्मचारियों की मौत हो गई।वहीं, सूडान में सबसे भीषण विमान दुर्घटना नवंबर 2015 में हुई थी,जब जुबा हवाई अड्डे के पास एक एंटोनोव विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया था,जिसमें 41 लोग मारे गए थे।

Shiv Shukla
शिव शुक्लाauthor

शिव शुक्ला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में कार्यरत एक अनुभवी न्यूज राइटर हैं। छह वर्षों के पेशेवर अनुभव के साथ वे डिजिटल पत्रकारिता में तेज, सटीक और प्रभावी कंटेंट तैयार करने के लिए पहचाने जाते हैं। वह राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खबरों, राजनीतिक घटनाक्रमों और गहन विश्लेषण पर विशेष पकड़ रखते हैं। ब्रेकिंग न्यूज कवरेज, लाइव ब्लॉग, एक्सप्लेनर और एनालिसिस आर्टिकल तैयार करने में उन्हें विशेषज्ञता हासिल है। शिव शुक्ला 8,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट प्रकाशित कर चुके हैं। मजबूत न्यूज सेंस, विश्लेषण क्षमता और स्पष्ट लेखन शैली उनकी खासियत है। उन्हें नए स्थानों की यात्रा करना और किताबें पढ़ने का शौक है, जो उनकी लेखन शैली एवं दृष्टिकोण को और समृद्ध बनाता है।

और पढ़ें
End of Article