दुनिया

इमरान के पूर्व सहयोगी शेख राशिद अरेस्ट, भारत को दी थी परमाणु हमले की धमकी

  • Written by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Sep 18, 2023, 07:22 AM IST

Sheikh Rashid : पूर्व मंत्री अपने बयानों के लिए भी सुर्खियों में रहे हैं। रिपोर्टों में राशिद के भतीजे के शेख राशिद शफीक के हवाले से कहा गया है कि राशिद (72) और उनके दो सहयोगियों को उनके रावलपिंडी स्थित आवास से गिरफ्तार कर किसी अज्ञात स्थान पर ले जाया गया।

Image

इमरान सरकार में मंत्री थे राशिद।

Photo : ANI

Sheikh Rashid : पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान के सहयोगी शेख राशिद की भ्रष्टाचार मामले में गिरफ्तारी हुई है। अवामी मुस्लिम लीग के नेता राशिद इमरान सरकार में गृह मंत्री रह चुके हैं। गृह मंत्री रहते हुए इन्होंने भारत को परमाणु हमले की धमकी दी थी। पूर्व मंत्री अपने बयानों के लिए भी सुर्खियों में रहे हैं। रिपोर्टों में राशिद के भतीजे के शेख राशिद शफीक के हवाले से कहा गया है कि राशिद (72) और उनके दो सहयोगियों को उनके रावलपिंडी स्थित आवास से गिरफ्तार कर किसी अज्ञात स्थान पर ले जाया गया।

इमरान सरकार में गृह मंत्री थे

राशिद को इमरान का कट्टर समर्थक माना जाता है। इमरान की पाकिस्तान तहरीक ए इंसाफ पार्टी की सरकार में वह गृह मंत्री थे। पीटीआई ने राशिद की गिरफ्तारी की निंदा की है। शेख शफीक ने कहा, ‘मैं शीर्ष न्यायपालिका से एक वरिष्ठ नेता की गिरफ्तारी पर संज्ञान लेने का अनुरोध करता हूं क्योंकि वह किसी मामले में वांछित नहीं थे।’

भारत को दी थी धमकी

मार्च 2023 में एक रैली के दौरान रशीद ने कहा था कि 'सब लोगों को कहना चाहता हूं, समझो! अवाम जिंदा हो चुकी है। कौम मरने और मारने के लिए तैयार है। जब मैंने बालाकोट में कहा था, हिंदुस्तान वालों! हमारे पास ऐसे मसाले हैं, ना बिरला जी के मंदिर की घंटी बजेगी और ना हिंदुस्तान में घास उगेगा। और सारी दुनिया में यह ऐलान करना चाहते हैं कि हम भूखे रह लेंगे। हम नंगे रह लेंगे। हम नंगे पांव फिर लेंगे, लेकिन ये 24 करोड़ कौम जिंदा है। ये लड़ेगी-मरेगी पाकिस्तान के लिए।'

भ्रष्टाचार मामले में जेल में हैं इमरान खान

भ्रष्टाचार के मामले में इमरान खान इन दिनों जेल में हैं। पिछले दिनों जमानत के लिए उन्होंने कोर्ट का दरवाजा खटखटाया लेकिन उन्हें राहत नहीं मिली। इमरान के समर्थकों एवं पीटीआई के कार्यकर्यताओं को भी गिरफ्तार किया गया है। पीटीआई का आरोप है कि राजनीतिक बदले की भावना के तहत उनके नेता की गिरफ्तारी हुई है।

टाइम्स नाउ नवभारत
टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल author

अक्टूबर 2017 में डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में कदम रखने वाला टाइम्स नाउ नवभारत अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। अपने न्यूज चैनल टाइम्स नाउ नवभारत की सोच ए... और देखें

End of Article