दुनिया

यहूदी केंद्र पर बड़े आतंकी हमले की साजिश का खुलासा, PAK नागरिक ने रचा था प्लॉट, अमेरिका डिपोर्ट

अमेरिकी अधिकारियों का आरोप है कि शाहजेब का इरादा कनाडा से न्यूयॉर्क की सीमा पार करके 7 अक्टूबर 2024 को इजरायल पर हमास आतंकवादी हमले की पहली वर्षगांठ के मौके पर एक यहूदी केंद्र पर सामूहिक गोलीबारी करना था।

Image

एफबीआई डायरेक्टर काश पटेल

Pakistani Terrorist Extradited To Canada: कनाडा में रहने वाले एक पाकिस्तानी नागरिक को आतंकवादी गतिविधियों में शामिल होने के आरोप में अमेरिका प्रत्यर्पित किया गया है। इसकी घोषणा फेडरल अथॉरिटीज ने की है। गिरफ्तार शख्स पर आईएसआईएस को मदद करने की कोशिश और ब्रुकलिन में एक यहूदी केंद्र पर सामूहिक गोलीबारी की साजिश रचने का आरोप है। पाकिस्तानी नागरिक मुहम्मद शाहजेब खान को 4 सितंबर 2024 को कनाडा में गिरफ्तार किया गया था, जिस पर इस्लामिक स्टेट आतंकवादी संगठन से प्रेरित हिंसक हमले की योजना बनाने का आरोप है।

शाहजेब खान का खतरनाक इरादा

अमेरिकी अधिकारियों का आरोप है कि शाहजेब का इरादा कनाडा से न्यूयॉर्क की सीमा पार करके 7 अक्टूबर 2024 को इजरायल पर हमास आतंकवादी हमले की पहली वर्षगांठ के मौके पर एक यहूदी केंद्र पर सामूहिक गोलीबारी करना था। बुधवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में एफबीआई डायरेक्टर काश पटेल ने शाहजेब खान के प्रत्यर्पण की पुष्टि की है। इसके साथ ही उन्होंने योजनाबद्ध हमले को रोकने के प्रयासों की तारीफ की है।

काश पटेल ने दी जानकारी

काश पटेल ने एक्स पोस्ट पर लिखा, "बड़ी खबर... आज दोपहर मुहम्मद शाहजेब खान को आईएसआईएस को मदद करने और आतंकवादी कृत्यों को अंजाम देने की कोशिश के आरोप में संयुक्त राज्य अमेरिका में प्रत्यर्पित किया गया।" इसके साथ ही काश पटेल ने नाकाम साजिश के बारे में और भी चौंकाने वाली बातों का जिक्र किया है। उन्होंने बताया कि खान ने एक प्रतीकात्मक तिथि पर हमला करने की योजना बनाई थी।

काश पटेल ने पोस्ट में लिखा, "शाहजेब खान ने कथित तौर पर 7 अक्टूबर 2024 को हमले की योजना बनाई थी, जो इजरायल पर हुए हमास आतंकवादी हमले की बरसी है।" एफबीआई डायरेक्टर ने अंतरराष्ट्रीय एजेंसियों के बीच त्वरित समन्वय की तारीफ करते हुए लिखा, "शुक्र है कि एफबीआई टीमों और हमारे सहयोगियों के शानदार काम ने उन योजनाओं का खुलासा किया।"

यहूदी विरोधी खतरों की ओर इशारा

खान की गिरफ्तारी और प्रत्यर्पण सीमा पार खुफिया जानकारी साझा करने के महत्व को रेखांकित करती है। काश पटेल ने इस मामले के व्यापक संदर्भ पर प्रकाश डालते हुए वैश्विक स्तर पर यहूदी विरोधी खतरों में इजाफे की ओर इशारा किया है। काश पटेल ने लिखा, "यह मामला दुनिया के हर कोने में आतंकवाद के निरंतर खतरे की याद दिलाता है।" शाहजेब खान अब अमेरिका की हिरासत में है और न्यूयॉर्क की फेडरल कोर्ट में उसके खिलाफ मुकदमा चलेगा।

Amit Mandal
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article