Imran Khan Release Demand: पाकिस्तान में जेल में कैद इमरान खान की रिहाई की मांग दिन-प्रतिदिन बढ़ती जा रही है। पुलिस ने पूर्व प्रधानमंत्री की रिहाई की मांग कर रहे 240 से अधिक समर्थकों को गिरफ्तार किया है, जबकि अमेरिका में स्थित पाकिस्तान दूतावास के बाहर पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (PTI) समर्थकों ने भी विरोध प्रदर्शन किया।
प्रदर्शन के दौरान पीटीआई समर्थक फराज अली खान ने समाचार एजेंसी एएनआई से बातचीत में कहा कि पाकिस्तान में राजनीति में सेना का हस्तक्षेप ही अस्थिरता की मुख्य कारण है। साथ ही उन्होंने सेना प्रमख असीम मुनीर की भूमिका पर भी सवाल खड़े किए।
240 से ज्यादा समर्थक गिरफ्तार
अंतरराष्ट्रीय समाचार एजेंसी रायटर्स के मुताबिक, पुलिस उप महानिरीक्षक फ़ैसल कामरान ने बताया कि पंजाब प्रांत की राजधानी लाहौर के पूर्वी शहर में इमरान खान की रिहाई की मांग करते हुए चक्का जाम करने की कोशिश कर रहे 122 पीटीआई समर्थकों को गिरफ्तार किया गया। अधिकारियों ने बताया कि प्रांत में रातभर की गई छापेमारी में अन्य गिरफ्तारियां हुईं। पुलिस ने बताया कि विपक्षी पार्टी के 240 से अधिक समर्थकों और कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया गया है।
आंसू गैस के दागे गए गोले
अधिकारियों ने बताया कि खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में इमरान खान के समर्थन में एक रैली निकाली गई जिसमें लोगों का हुजूम देखा गया। पुलिस ने कराची और मुजफ्फराबाद शहरों में आंसू गैस के गोले दागे। लाहौर में एक कोर्ट के बाहर समर्थकों ने 'इमरान खान को रिहा करो' के नारे लगाए।
क्वेटा में पीटीआई का समर्थन करने वाले महिलाओं के एक समूह ने 'सरकार मुर्दाबाद' के नारे लगाए, जबकि कराची में लगभग 2000 कार्यकर्ताओं ने बाइक, रिक्शा और अन्य वाहनों पर इमरान खान के पोस्टर और पार्टी के झंडे लेकर प्रदर्शन किया। इस दौरान भीड़ को तितर-बितर करने के लिए पुलिस ने आंसू गैस के गोले दागे।
