Pakistan Terror Attack: पाकिस्तान के अशांत प्रांत खैबर पख्तूनख्वा में लगभग 50 आतंकवादियों के एक समूह ने पुलिस चौकी पर घात लगाकर हमला कर दिया जिसमें एक सुरक्षाकर्मी की मौत हो गई और तीन आतंकवादी भी मारे गए। पुलिस ने बताया कि भारी हथियारों से लैस आतंकवादियों ने शनिवार देर रात बन्नू जिले में फतेह खेल पुलिस चौकी पर हमला किया।
एक पुलिसकर्मी की मौत, दो अन्य घायल
बन्नू के पुलिस उप महानिरीक्षक के अनुसार, 40 से 50 आतंकवादियों के एक समूह ने चौकी पर हमला किया था। पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की और मुठभेड़ में एक पुलिसकर्मी की मौत हो गई तथा तीन हमलावर भी मारे गए, जबकि बाकी फरार हो गए। हमले में पुलिस के दो कांस्टेबल भी घायल हुए। गृह मंत्री मोहसिन नकवी ने हमले की निंदा की और शहीद पुलिसकर्मी को श्रद्धांजलि दी। अभी तक किसी भी समूह ने हमले की ज़िम्मेदारी नहीं ली है।
खैबर पख्तूनख्वा में फटा मोर्टार
इससे पहले, खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में शनिवार को एक पुराने मोर्टार गोले के फटने से पांच बच्चों की मौत हो गई और 12 अन्य घायल हो गए थे। यह घटना लक्की मरवात जिले में उस समय घटी थी जब बच्चों के एक समूह को पहाड़ियों में एक मोर्टार गोला मिला और वे उसे अपने गांव ले आए थे।
पुलिस के अनुसार, जब बच्चे मोर्टार गोले से खेल रहे थे, तब इसमें विस्फोट हो गया। उसने बताया कि विस्फोट में पांच बच्चों की मौत हो गई और 12 अन्य घायल हो गए। अधिकारियों ने बताया था कि बचाव दल तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे तथा मृतकों और घायलों को पास के अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल के प्रवक्ता के अनुसार, घायल हुए 12 लोगों में से ज्यादातर बच्चे हैं, जिनमें से कुछ की हालत गंभीर है।
