दुनिया

अमेरिकी कार्रवाई के बाद वेनेजुएला पर पहली बार बोला पाकिस्तान; संयुक्त राष्ट्र चार्टर के पालन की मांग

अमेरिका की कार्रवाई के बाद वेनेजुएला में हालात और तनावपूर्ण हो गए हैं। इस बीच पाकिस्तान ने वेनेजुएला संकट पर बयान जारी कर संयम और कूटनीतिक समाधान की बात कही है। पाकिस्तान ने वेनेजुएला में रह रहे अपने नागरिकों की सुरक्षा को लेकर भी चिंता जताई है।

Image

शहबाज सरकार की ओर से आई वेनेजुएला मामले पर पहली प्रतिक्रिया (फाइल फोटो | Reuters)

Photo : REUTERS

Pakistan On Venezuela: वेनेजुएला में तेजी से बदलते राजनीतिक और सुरक्षा हालात को लेकर पाकिस्तान की पहली प्रतिक्रिया आई है। रविवार देर रात को जारी आधिकारिक बयान में पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय ने कहा कि वह वेनेजुएला के लोगों की सुरक्षा और भलाई को बेहद अहम मानता है। इस्लामाबाद ने सभी पक्षों से संयम बरतने और तनाव कम करने की अपील की है। पाकिस्तान ने साफ किया कि किसी भी विवाद का समाधान संयुक्त राष्ट्र चार्टर और अंतरराष्ट्रीय कानून के दायरे में रहकर ही किया जाना चाहिए।

पाकिस्तानी नागरिकों की सुरक्षा पर नजर

विदेश मंत्रालय के अनुसार, पाकिस्तान सरकार वेनेजुएला में रह रहे अपने नागरिकों की सुरक्षा को लेकर लगातार संपर्क में है। मंत्रालय ने कहा कि हालात पर करीबी नजर रखी जा रही है और जरूरत पड़ने पर आगे के कूटनीतिक कदम उठाए जाएंगे। यह बयान विदेश मंत्रालय के आधिकारिक 'एक्स' अकाउंट के जरिए साझा किया गया।

अमेरिका की कार्रवाई के बाद बढ़ी वैश्विक चिंता

पाकिस्तान की यह प्रतिक्रिया ऐसे समय आई है जब अमेरिका के वेनेजुएला की राजधानी काराकास पर हवाई कार्रवाई और राष्ट्रपति निकोलस मादुरो को हिरासत में लिए जाने के बाद अंतरराष्ट्रीय स्तर पर हलचल तेज हो गई है। अमेरिका के इस कदम को कई देशों ने एकतरफा कार्रवाई बताते हुए संयुक्त राष्ट्र चार्टर के खिलाफ करार दिया है। भारत ने भी इस पूरे घटनाक्रम पर सतर्क रुख अपनाते हुए स्थिति पर करीबी नजर रखने की बात कही है। वेनेजुएला में जारी घटनाओं को लेकर अब वैश्विक समुदाय में कूटनीतिक समाधान की मांग तेज होती जा रही है।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!