दुनिया

Pakistan National Assembly: पाकिस्तान में 9 अगस्त को भंग होगी नेशनल असेंबली, इसी साल होंगे चुनाव!

  • Authored by: शिशुपाल कुमार
  • Updated Aug 4, 2023, 09:02 AM IST

Pakistan National Assembly: जियो न्यूज की रिपोर्ट के अनुसार, पाकिस्तान के प्रधान मंत्री शहबाज शरीफ ने गुरुवार (3 अगस्त) को अपने गठबंधन सहयोगियों से कहा कि नेशनल असेंबली 9 अगस्त को भंग कर दी जाएगी।

Image

पाकिस्तान में 9 अगस्त को नेशनल असेंबली होगी भंग (फोटो- ShehbazSharif)

Pakistan National Assembly: पाकिस्तान ने धीरे-धीरे अगले चुनाव की ओर बढ़ना शुरू कर दिया है। पाक के पूर्व पीएम इमरान खान इसकी मांग कर रहे थे और इसे लेकर वो सड़कों पर भी उतरे थे। पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने 9 अगस्त को पाकिस्तान की नेशनल असेंबली को भंग करने का ऐलान किया है। नेशनल असेंबली के भंग होने के बाद, कार्यवाहक प्रधानमंत्री चुनाव जाएगा और फिर चुनाव की तारीखों का ऐलान होगा।

90 दिनों के भीतर चुनाव

जियो न्यूज की रिपोर्ट के अनुसार, पाकिस्तान के प्रधान मंत्री शहबाज शरीफ ने गुरुवार (3 अगस्त) को अपने गठबंधन सहयोगियों से कहा कि नेशनल असेंबली 9 अगस्त को भंग कर दी जाएगी। नेशनल असेंबली पाकिस्तानी संसद का निचला सदन है। इसके विघटन के बाद कार्यवाहक सरकार की स्थापना होती है और 90 दिनों के भीतर आम चुनाव होते हैं।

इसी साल चुनाव

अब, 9 अगस्त को निचले सदन को भंग करने के लिए नेशनल असेंबली में एक प्रस्ताव पेश किया जाएगा। किसी भी स्थिति में, पाकिस्तान का चुनाव आयोग विघटन के 90 दिनों के भीतर आम चुनाव कराने के लिए उत्तरदायी होगा। उम्मीद है कि पाकिस्तान में नवंबर 2023 के शुरुआती दिनों में चुनाव हो सकते हैं।

कब हुआ निर्णय

द एक्सप्रेस ट्रिब्यून के अनुसार नेशनल एसेंबली को भंग करने का निर्णय संसद के सदस्यों के सम्मान में रात्रिभोज में संसदीय नेताओं से मुलाकात के बाद आया, जहां देश की राजनीतिक स्थिति पर गहन चर्चा की गई। बैठक के दौरान, प्रधानमंत्री शहबाज़ ने उनसे इनपुट मांगा और कार्यवाहक प्रधानमंत्री और कार्यवाहक सेटअप की व्यवस्था पर चर्चा की।

क्या कहता है पाकिस्तान का संविधान

9 अगस्त को प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ नेशनल असेंबली को भंग करने के लिए राष्ट्रपति को औपचारिक सलाह भेजेंगे। संवैधानिक प्रावधानों के अनुसार, विघटन को प्रभावी बनाने के लिए राष्ट्रपति को 48 घंटों के भीतर सलाह पर हस्ताक्षर करना होगा। द एक्सप्रेस ट्रिब्यून की रिपोर्ट के अनुसार, यदि किसी भी कारण से राष्ट्रपति सलाह पर हस्ताक्षर नहीं करते हैं, तो ऑटोमेटिक रूप से भंग हो जाएगी।

शिशुपाल कुमार
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article