Pakistan Cargo Plane Missing: पाकिस्तान में मंगलवार रात अचानक एक कार्गो विमान लापता हो गया। प्राप्त जानकारी के मुताबिक, शारजाह से कराची जा रहे के2 एयरवेज के बोइंग 737 कार्गो विमान का एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) से संपर्क टूट गया। बोइंग 737 कार्गो विमान में क्रू के 5 सदस्य सवार थे। इसके बाद, अधिकारियों ने अरब सागर में व्यापक स्तर पर खोज और बचाव अभियान शुरू किया।
विमान से टूटा संपर्क
पाकिस्तान एयरपोर्ट्स अथॉरिटी के मुताबिक, कार्गो विमान ने स्थानीय समयानुसार रात 9:18 बजे कराची की ओर उड़ान भरते हुए नेविगेशन सिस्टम में खराबी की जानकारी दी। इसके बाद एटीसी ने विमान को रास्ता दिखाने में मदद की, लेकिन करीब तीन मिनट बाद ही विमान रडार पर तेजी से नीचे उतरता हुआ दिखाई दिया और उसके संपर्क टूट गया।
क्या दुर्घटनाग्रस्त हो गया विमान?
अधिकारियों के मुताबिक, जिस वक्त विमान से संपर्क टूटा वह कराची से लगभग 287 किलोमीटर पश्चिम में था। रिपोर्ट्स के मुताबिक, विमान बलूचिस्तान के ओरमारा तट के पास अरब सागर के ऊपर उड़ान भर रहा था, जहां उसके लापता होने की सूचना मिली। ऐसी आशंका जताई जा रही है कि विमान अरब सागर में दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हालांकि, अधिकारियों ने अभी तक दुर्घटना की पुष्टि नहीं की।
उड़ान डेटा के मुताबिक, विमान तेजी से नीचे उतरने से पहले दाईं ओर मुड़ा। बताया जा रहा है कि विमान के बीच उतरने की दर लगभग 15,000 फीट प्रति मिनट के आसपास थी।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: ईरान संग तनाव के बीच ट्रंप को रूस-यूक्रेन के बीच सुलह की उम्मीद; बोले- पुतिन-जेलेंस्की चाहते हैं अब खत्म हो युद्ध
5,000 फीट नीचे आया विमान
फ्लाइट ट्रैकिंग प्लेटफॉर्म Flightradar24 के शुरुआती आंकड़ों के मुताबिक, विमान ने अंतिम मिनट बेहद असामान्य रहे। विमान पहले एक मिनट से भी कम समय में लगभग 5,000 फीट नीचे आया, फिर महज 30 सेकंड में लगभग 6,000 फीट ऊपर ऊठा। इसके बाद 36,550 फीट की ऊंचाई से तेजी से नीचे गिरने लगा।
