Russia Ukraine War: ईरान के साथ जारी तनाव के बीच अमेरिका को रूस-यूक्रेन के बीच सुलह की उम्मीद है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को लगता है कि रूस-यूक्रेन के बीच जल्द ही शांति समझौता हो सकता है। उन्होंने कहा कि रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की अब इस संघर्ष का समाधान चाहते हैं।
ट्रंप ने पुतिन के साथ की थी बातचीत
अंकारा में नाटो शिखर सम्मेलन (NATO Summit) के दौरान तुर्किये के राष्ट्रपति रेसेप तैयप एर्दोगन के साथ संयुक्त प्रेस वार्ता में ट्रंप ने बताया कि उनकी एक दिन पहले पुतिन से सार्थक बातचीत हुई थी। इसके अलावा, उन्होंने जेलेंस्की से भी बात की। ट्रंप ने कहा, ''मुझे लगता है कि दोनों नेता समझौता करना चाहते हैं। अफसोस है कि इसमें इतना समय लग गया, लेकिन अब कुछ सकारात्मक परिणाम निकलने की उम्मीद है। मुझे विश्वास है कि यह मामला जल्द सुलझ सकता है।''
जब ट्रंप से पूछा गया कि क्या पुतिन के रुख में कोई बदलाव आया या वह किसी समझौते के लिए तैयार हैं? तो इस पर अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा कि मेरे आकलन में कुछ भी नहीं बदला है। मैं सिर्फ यह चाहता हूं कि लोगों की मौतें बंद हो जाए।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: होर्मुज में जहाजों पर हमलों के बीच नौसेना ने किया कमाल, 'ओमेगा ट्रेडर' को निकाला सुरक्षित; क्रू में 15 भारतीय शामिल
'रूस-यूक्रेन युद्ध का US पर असर नहीं'
सीएनएन की रिपोर्ट के मुताबिक, ट्रंप ने यह भी कहा कि अमेरिका के मुकाबले रूस-यूक्रेन युद्ध का सबसे अधिक असर यूरोप पर पड़ रहा है। उन्होंने कहा, ''इसका यूरोप पर सबसे अधिक असर पड़ रहा है। हम यूरोप की मदद के लिए हैं, लेकिन यह युद्ध अमेरिका को सीधे प्रभावित नहीं करता। हमारे और यूरोप के बीच महासागर है, लेकिन जो कुछ भी हो रहा है, उसे देखकर मुझे बेहद दुख होता है।
ट्रंप ने आगे युद्ध के मैदान की तस्वीरों का उल्लेख करते हुए कहा कि हिंसा का स्तर भयावह है। उन्होंने कहा, ''लोग यकीन नहीं करेंगे कि वहां कितनी भयानक हिंसा हो रही है। मैंने इससे पहले ऐसा कभी नहीं देखा। यह तबाही है और इसे रुकना चाहिए।"
