पाकिस्तान के विदेश मंत्री इशाक डार ने ढाका पहुंचने के कुछ ही घंटों बाद द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करने के लिए बांग्लादेश के विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं के साथ लगातार बातचीत की। पाकिस्तान के उप-प्रधानमंत्री डार ने शनिवार को पूर्व प्रधानमंत्री खालिदा जिया की बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (बीएनपी) और बांग्लादेश की सबसे बड़ी इस्लामी पार्टी जमात-ए-इस्लामी के नेताओं से मुलाकात की। डार ने छात्र नेतृत्व वाली नेशनल सिटिजन्स पार्टी (एनसीपी) के नेताओं से भी मुलाकात की, जिसका गठन हाल ही में अंतरिम सरकार के प्रमुख प्रोफ़ेसर मुहम्मद यूनुस के आशीर्वाद से हुआ था। मुलाकात के दौरान एनसीपी नेताओं ने डार के सामने 1971 युद्ध में हुई ज्यादतियों का मुद्दा उठाया।
बीएनपी नेताओं की डार से मुलाकात
बीएनपी के महासचिव मिर्जा फखरुल इस्लाम आलमगीर के नेतृत्व में छह सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल ने ढाका स्थित पाकिस्तानी दूतावास में डार के साथ बैठक की। बीएनपी प्रतिनिधियों में से एक शमा ओबैद ने कहा कि उनकी चर्चा द्विपक्षीय संबंधों को मज़बूत करने पर केंद्रित रही। ओबैद ने आगे कहा कि बातचीत में दक्षिण एशियाई क्षेत्रीय सहयोग संगठन (सार्क) को पुनर्जीवित करने पर भी चर्चा हुई, जबकि पाकिस्तान ने बांग्लादेश में निष्पक्ष चुनाव देखने की इच्छा जताई। बैठक के बाद पाकिस्तानी राजदूत के आवास पर बीएनपी प्रतिनिधिमंडल के साथ रात्रिभोज का आयोजन किया गया।
जमात-ए-इस्लामी नेता भी मिले
जमात-ए-इस्लामी के नेता अब्दुल्ला मुहम्मद ताहिर, जो 1971 में पाकिस्तान से बांग्लादेश की स्वतंत्रता का विरोध कर रहे थे, उन्होंने भी डार से मुलाकात की। मीडिया द्वारा यह पूछे जाने पर कि क्या बैठक में 1971 के अनसुलझे मुद्दों को उठाया गया, ताहिर ने कहा, ये मुद्दे दोनों सरकारों के बीच चर्चा के लिए हैं। हमें उम्मीद है कि सरकार इन पर विचार करेगी।
छात्र नेताओं ने 1971 नरसंहार का मामला उठाया
1971 के नरसंहार और अत्याचारों पर पाकिस्तान की माफी के बारे में ऐसा ही एक सवाल एनसीपी के वरिष्ठ नेता अख्तर हुसैन से भी पूछा गया। हुसैन ने जवाब दिया, हमने बैठक के दौरान उनके सामने यह मुद्दा उठाया और हमारा मानना है कि द्विपक्षीय संबंधों को मज़बूत करने के लिए पाकिस्तान को 1971 के मुद्दे पर ध्यान देना चाहिए।
बाद में डार ने अपने पाकिस्तानी दूतावास में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस की और वहां मौजूद सभी लोगों से अपने समकक्षों से बातचीत करने और हमारी नई साझेदारी के इस नए चरण में योगदान देने के लिए उनके देश आने का आग्रह किया। डार ने कहा कि पाकिस्तान दोनों देशों और क्षेत्र की शांति, प्रगति और समृद्धि सहित साझा लक्ष्यों की प्राप्ति के लिए सरकार, राजनीतिक दलों, शिक्षा जगत, नागरिक समाज, मीडिया और युवाओं सहित सभी हितधारकों के साथ जुड़ने के लिए प्रतिबद्ध है। विदेश मंत्री ने यह भी कहा कि दोनों देशों के बीच कई क्षेत्रीय और अंतर्राष्ट्रीय मुद्दों, जैसे कि सार्क का पुनरुद्धार, पर विचारों में समानता है।
