दुनिया

नेतन्याहू जाएंगे न्यूयॉर्क, ममदानी की ओर से गिरफ्तारी की मांग के बाद UN जाना बन गया है'मजबूरी'

इजराइली राजदूत डैनी डैनन ने न्यूयॉर्क के मेयर जोहरान ममदानी पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि वह इजरायल पर निशाना साधकर राजनीति कर रहे हैं। ममदानी ने नेतन्याहू को युद्ध अपराधी बताते हुए उनकी गिरफ्तारी की अपील की थी...

Image

अमेरिका जाएंगे बेंजामिन नेतन्याहू

इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू इस महीने संयुक्त राष्ट्र महासभा (UNGA) के वार्षिक उच्चस्तरीय सत्र को संबोधित करने के लिए 24 घंटे की संक्षिप्त यात्रा पर न्यूयॉर्क जाएंगे। संयुक्त राष्ट्र में इजरायल के राजदूत डैनी डैनन ने मंगलवार को स्पष्ट किया कि न्यूयॉर्क के मेयर द्वारा गाजा युद्ध के कारण नेतन्याहू की गिरफ्तारी की मांग किए जाने के बाद अब वहां जाकर भाषण देना एक मजबूरी बन गया है।

मेयर की टिप्पणी पर इजरायल की प्रतिक्रिया

इजराइली राजदूत डैनी डैनन ने न्यूयॉर्क के मेयर जोहरान ममदानी पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि वह इजरायल पर निशाना साधकर राजनीति कर रहे हैं। ममदानी ने नेतन्याहू को युद्ध अपराधी बताते हुए उनकी गिरफ्तारी की अपील की थी, जिसे बाद में उन्हें वापस लेना पड़ा क्योंकि न्यूयॉर्क शहर के पास किसी विदेशी नेता को हिरासत में लेने का कानूनी अधिकार नहीं है। डैनन ने कहा, आजकल इजरायल पर आरोप लगाकर राजनीति करना एक फैशन बन गया है, लेकिन हमारे लिए प्रधानमंत्री का यूएन आना बहुत महत्वपूर्ण है।

आईसीसी (ICC) का वारंट और अमेरिकी रुख

मेयर ममदानी ने नवंबर 2024 में 'अंतर्राष्ट्रीय आपराधिक न्यायालय' (ICC) द्वारा नेतन्याहू के खिलाफ जारी गिरफ्तारी वारंट का हवाला दिया था, जिसमें उन पर गाजा युद्ध के दौरान भुखमरी को हथियार बनाने और नागरिकों को निशाना बनाने के आरोप लगाए गए हैं। इजरायल ने इन सभी आरोपों को सिरे से खारिज किया है। अमेरिका और इजरायल दोनों ही आईसीसी के सदस्य नहीं हैं। ट्रंप प्रशासन ने आईसीसी के अधिकारियों पर प्रतिबंध लगाए हुए हैं।

दौरे का कार्यक्रम और विरोध की आशंका

राजदूत डैनन के अनुसार, नेतन्याहू 23 सितंबर की देर रात न्यूयॉर्क पहुंचेंगे, 24 सितंबर की दोपहर यूएन महासभा को संबोधित करेंगे और उसी रात वापस इजरायल लौट जाएंगे। इजरायल में यह समय यहूदी त्योहारों और चुनावी गहमागहमी का है। डैनन ने यह भी आशंका जताई कि भाषण के दौरान हॉल में राजनयिकों का वाकआउट या अन्य प्रदर्शन हो सकते हैं, जैसा पिछले साल भी देखा गया था, लेकिन नेतन्याहू अपना संबोधन पूरा करेंगे।

Amit Mandal
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article