US Iran War: मध्य पूर्व में अमेरिका और ईरान के बीच एक बार फिर संघर्ष शुरू हो गया है। दोनों तरफ से वार और पलटवार हुए हैं। ईरान का कहना है कि उसने जॉर्जन में अमेरिकी फाइटर प्लेन F-35 और F-15 हैंगर्स पर हमले किए हैं जबकि जॉर्डन का दावा है कि उसने ईरान की तरफ से दागी गईं 18 से 20 मिसाइलों को इंटरसेप्ट किया।
हमले को ‘या हैदर अल-करार’ नाम दिया
ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) की एयरोस्पेस फोर्स ने इस हमले को ‘या हैदर अल-करार’ नाम दिया है और इसे पांच ईरानी टैंकरों के नष्ट किए जाने का बदला बताया। IRGC के मुताबिक, ठोस और तरल ईंधन वाली बैलिस्टिक मिसाइलों के मिश्रण से किए गए हमले में F-35, F-16 और F-15 लड़ाकू विमानों के मेंटेनेंस हैंगर, फॉरवर्ड हैंगर और शेल्टर निशाना बने, जिससे भारी नुकसान हुआ।
जॉर्डन ने किया 18 मिसाइलों को इंटरसेप्ट करने का दावा
जॉर्डन की सेना के अनुसार, कुल 20 मिसाइलें दागी गईं, जिनमें से 18 को इंटरसेप्ट कर लिया गया, जबकि दो मिसाइलें खुले इलाकों में जाकर गिरीं।
IRGC ने कुछ फुटेज भी जारी किए हैं, जिसके बारे में उसका दावा है कि इसमें ओमान की खाड़ी और अरब सागर में अमेरिकी युद्धपोतों पर बैलिस्टिक मिसाइलें दागते हुए दिखाया गया है।
ईरान के 5 कच्चे तेल के टैंकरों को नष्ट किया
इस बीच, अमेरिकी सेंट्रल कमांड (CENTCOM) की सेनाओं ने ईरान के पांच कच्चे तेल के टैंकरों को नष्ट कर दिया है। यह जवाबी कार्रवाई तब की गई जब IRGC ने पिछले दो दिनों में अमेरिकी नौसेना के एक युद्धपोत को दो बार बैलिस्टिक मिसाइलों से निशाना बनाने की कोशिश की। हालांकि, अमेरिकी युद्धपोत ने इन हमलों को सफलतापूर्वक नाकाम कर दिया और क्षेत्रीय जलक्षेत्र में गश्त जारी रखी। इस घटना में किसी भी अमेरिकी सैनिक या कर्मी को कोई नुकसान नहीं पहुंचा है।
किन टैंकरों को बनाया गया निशाना?
ईरान के लगातार असफल हमलों का जवाब देते हुए CENTCOM ने ओमान की खाड़ी में IRGC के चार क्रूड ऑयल कैरियर एम/टी कविज, एम/टी चारमीनार, एम/टी होराइजन 1 और एम/टी रिएस्को और खर्ग द्वीप के पास एम/टी दरिया को नष्ट कर दिया। अमेरिकी बलों ने जहाजों पर हमला करने से पहले उनके क्रू को सुरक्षित रूप से जहाज छोड़ने का निर्देश दिया था, जिसके बाद इन जहाजों को निष्क्रिय कर दिया गया
