दुनिया

बदहाल पाकिस्तान में लाइलाज बीमारी की चपेट में आया एक और मासूम; जानें अबतक कितने मामले आये सामने

Pakistan Polio Cases: बदहाल पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत में पोलियो का एक और मामला सामने आया है। प्राप्त जानकारी के मुताबिक, ताजा मामला बलूचिस्तान के पिशिन का बताया जा रहा है, जहां पर ढाई साल का बच्चा पोलियो से ग्रसित हुआ है। इसी के साथ ही पाकिस्तान में पोलियो के मामलों की संख्या बढ़कर 22 हो गई है।

Image

पाकिस्तान में पोलियो का एक और मामला

Photo : iStock
KEY HIGHLIGHTS
  • पोलियो का एक और मामला आया सामने।
  • हालिया मामला बलूचिस्तान के पिशिन का है।
  • कुल मामलों की संख्या बढ़कर 22 हो गई।

Pakistan Polio Cases: पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत में पोलियो का एक और मामला सामने आया है, जिससे इस बीमारी के कुल मामलों की संख्या बढ़कर 22 हो गई है जो इसे समाप्त करने के सरकार के प्रयासों के लिए झटका है। अधिकारियों ने बताया कि पोलियोग्रस्त हालिया पीड़ित बलूचिस्तान के पिशिन का रहने वाला है, और उसकी उम्र ढाई साल है।

अबतक कितने मामले हुए दर्ज?

अधिकारियों ने कहा कि राष्ट्रीय स्वास्थ्य संस्थान में पोलियो उन्मूलन के लिए क्षेत्रीय संदर्भ प्रयोगशाला ने बुधवार को बच्चे में वाइल्ड पोलियोवायरस टाइप एक (WPV 1) की उपस्थिति की पुष्टि की, जिससे इस वर्ष अब तक रिपोर्ट किए गए मामलों की कुल संख्या 22 हो गई है। इनमें अकेले बलूचिस्तान से 15 मामले सामने आये हैं।

प्रयोगशाला के एक अधिकारी ने कहा, ‘‘सिंध में चार मामले सामने आये हैं, जबकि खैबर-पख्तूनख्वा, पंजाब और इस्लामाबाद में एक-एक मामले सामने आए हैं।’’

पाकिस्तान में पोलियो के बढ़ते मामलों पर गहरी चिंता जताते हुए पोलियो उन्मूलन कार्यक्रम का जिम्मा संभाल रहीं ‘प्राइम मिनिस्टर्स फोकल पर्सन फॉर पोलियो इरेडिकेशन’ आयशा रजा फारुक ने जोर देकर कहा कि अपने बच्चों के स्वास्थ्य की सुरक्षा में माता पिता की भूमिका अहम होती है।

बेहद अनिवार्य है टीकाकरण

उन्होंने कहा, ‘‘हर मामला उस बच्चे के बारे में बताता है जिसका जीवन पोलियो के कारण कष्टकर बन जाता है और वह अनावश्यक रूप से इससे प्रभावित होता है। इसका एकमात्र समाधान समय पर और बार-बार टीकाकरण कराना है। हर नया मामला हमें याद दिलाता है कि हम अपने बच्चों के मामले में नाकाम रहे हैं और उन्हें भी असफल बना दिया है। पोलियो के खिलाफ इस जंग में मैं सभी अभिभावकों से अनुरोध करती हूं कि वे जिम्मेदारी लें और सुनिश्चित करें कि उनके बच्चों को पोलियो का टीका समय पर मिले।’’

घर-घर चलाया जाएगा टीकाकरण अभियान

सरकार के बयान में कहा गया है कि वायरस के प्रसार को रोकने के लिए टीकाकरण के अंतराल को कम करने के लिए इस साल के अंत में दो बार व्यापक स्तर घर-घर टीकाकरण अभियान चलाए जाने की योजना बनाई गई है। पोलियो आपात अभियान केंद्र के लिए राष्ट्रीय समन्वयक मोहम्मद अनवारुल हक ने टीकाकरण का दायरा बढ़ाए जाने की आवश्यकता पर जोर देते हुए कहा, ‘‘हर नया मामला हमें टीकाकरण के बीच के बढ़ते अंतराल की याद दिलाता है।’’

‘डॉन’ अखबार ने हक के हवाले से लिखा, ‘‘जब एक बच्चे का टीकाकरण नहीं होता है तो वायरस जीत जाता है। आइए अपने बच्चों की सलामती और सबसे अहम वायरस को रोकने के लिए मिलकर काम करें।’’

(इनपुट: भाषा)

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article