Kim jong Un News : यह बात अक्सर पूछी जाती है कि किम जॉन्ग उन के बाद उत्तर कोरिया की कमान किसके हाथ में होगी। कई रिपोर्टों में कहा गया कि किम जॉन्ग उन की बहन किम यो जोंग उनकी उत्तराधिकारी हो सकती है लेकिन पिछले कुछ समय से किम जोंग उन की बेटी किम जू ए उनके साथ देखी जा रही हैं, उससे इस बात की संभावना जोर पकड़ रही है कि उत्तर कोरिया के तानाशाह अपनी करीब 13 साल की बेटी को अपने उत्तराधिकारी के तौर पर तैयार कर रहे हैं और आने वाले समय में उन्हें देश की कमान सौंप सकते हैं।
कई मौकों पर लगातार पिता के साथ नजर आई हैं किम जू
ऐसा इसलिए क्योंकि हाल के दिनों में उत्तर कोरिया में हुए महत्वपूर्ण कार्यक्रमों में किम जू ए अपने पिता के साथ नजर आई हैं। कुछ दिनों पहले वह पिस्टल चलाने की ट्रेनिंग लेते और उससे पहले बैलिस्टिक मिसाइल का टेस्ट देखते पाई गईं। इन दोनों मौकों पर किम जोंग उन भी उनके साथ रहे। अब किम जू ए अपने पिता के साथ बैटल टैंक पर नजर आई हैं।
अब बैटल टैंक पर पिता के साथ आईं नजर
उत्तर कोरिया की सरकारी न्यूज एजेंसी कोरियन सेंट्रल न्यूज एजेंसी (KCNA) के मुताबिक इन दिनों किम जॉन्ग उन सेना की तैयारियों को जांच-परख रहे हैं। इसी क्रम में गुरुवार को वह इन्फैंट्री की टैंक यूनिट के साथ थे। यहां उन्होंने फायरिंग और ड्रिल देखी। इस मौके पर उन्होंने सैनिकों से युद्ध की तैयारी पूरी करने के लिए कहा। केसीएनए की ओर जारी तस्वीरों में किम और उनकी बेटी को काले रंग का जैकेट पहने हरे रंग के एक टैंक की सवारी करते देखे गए। इस टैंक पर उनके साथ अन्य सैनिक भी मौजूद थे।

उत्तर कोरिया के तानाशाह किम जोंग उन।
किम जू हैं अपने पिता की 'सबसे प्रिय' संतान!
रिपोर्टों के मुताबिक किम जू 2022 के अंत से अपने पिता के साथ कई महत्वपूर्ण सैन्य और अन्य कार्यक्रमों में देखी जा चुकी हैं। इससे बाहरी दुनिया में यह अटकलें लगाई जा रही हैं कि वह अपने पिता की संभावित उत्तराधिकारी हो सकती है। उत्तर कोरिया के सरकारी मीडिया ने उन्हें किम जोंग उन की 'सबसे प्रिय' या 'सम्मानित' संतान बताया है और दोनों के करीबी संबंधों को दर्शाने वाले वीडियो और तस्वीरें भी जारी की हैं।

पिता के साथ पिस्टल चलातीं किम जू ए।
किम जू ने पिस्तौल चलाई
पिछले सप्ताह हथियारों के कारखाने के दौरे के दौरान किम जू ने पिस्तौल चलाईं और मल्टीपल रॉकेट लॉन्च सिस्टम के लाइव-फायर परीक्षण को देखा। पिछले महीने दक्षिण कोरिया की खुफिया एजेंसी ने अपनी एक रिपोर्ट में कहा कि किम जोंग उन उन्हें अपना उत्तराधिकारी घोषित करने के करीब हैं। हालांकि, कुछ विशेषज्ञ इस आकलन से असहमत हैं, उनका कहना है कि किम जोंग उन अभी अपेक्षाकृत युवा हैं और उत्तर कोरिया की सत्ता संरचना अत्यंत पुरुष-प्रधान है।
