शहर

Punjab News: तरनतारन में दिनदहाड़े ASI की हत्या से सनसनी, बाइक सवार बदमाशों ने बरसाईं ताबड़तोड़ गोलियां

Punjab News: पंजाब के तरनतारन जिले में दिनदहाड़े हुई गोलीबारी में पुलिस अधिकारी ASI इकबाल सिंह की हत्या से इलाके में सनसनी फैल गई है। गांव नौशहरा पन्नूआ में बाइक सवार अज्ञात हमलावरों ने गुरुद्वारा साहिब से घर लौट रहे इकबाल सिंह पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसाईं, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

Image

एक महीने पहले भतीजे की भी हुई थी हत्या

Photo : टाइम्स नाउ डिजिटल

Punjab News: पंजाब के तरनतारन जिले में रविवार को दिनदहाड़े एक पुलिस अधिकारी की गोली मारकर हत्या किए जाने का मामला सामने आया है। थाना सरहाली के अंतर्गत आने वाले गांव नौशहरा पन्नूआ में बाइक सवार अज्ञात हमलावरों ने फिरोजपुर पुलिस में तैनात सहायक सब-इंस्पेक्टर (ASI) इकबाल सिंह को निशाना बनाते हुए उन पर गोलियां चला दीं। इस हमले में उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।

गुरुद्वारा साहिब से लौटते समय बनाया निशाना

प्राप्त जानकारी के अनुसार, ASI इकबाल सिंह रविवार को गांव के स्थानीय गुरुद्वारा साहिब में माथा टेकने के बाद अपनी मोटरसाइकिल पर सवार होकर घर लौट रहे थे। इस दौरान वह सिविल कपड़ों में थे और ड्यूटी पर नहीं थे। इसी बीच मोटरसाइकिल पर सवार होकर आए अज्ञात हमलावरों ने उन पर नजदीक से गोलियां चला दीं। गोली लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी घटनास्थल से फरार हो गए।

पुलिस ने शुरू की जांच, आरोपियों की तलाश जारी

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने मौके से साक्ष्य जुटाकर मामले की जांच शुरू कर दी है। फरार हमलावरों की पहचान करने और उन्हें गिरफ्तार करने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। फिलहाल हत्या के पीछे के कारणों का पता नहीं चल पाया है।

इकबाल सिंह को लगीं दो गोलियां

फिरोजपुर रेंज के डीआईजी स्नेहदीप शर्मा ने बताया कि एएसआई इकबाल सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी गई है। उन्होंने कहा कि घर जाते समय एएसआई पर दो हमलावरों ने गोली चलाई, जिसमें उन्हें दो गोलियां लगीं। डीआईजी के मुताबिक, पुलिस को मामले में कुछ अहम सुराग मिले हैं और जल्द ही हमलावरों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

एक महीने पहले भतीजे की भी हुई थी हत्या

इस वारदात से जुड़ी एक अन्य महत्वपूर्ण जानकारी यह है कि ASI इकबाल सिंह के भतीजे की भी करीब एक महीने पहले हत्या हुई थी। अब खुद इकबाल सिंह की गोली मारकर हत्या किए जाने से मामले ने गंभीर रूप ले लिया है। हालांकि, भतीजे की हत्या और इस वारदात के बीच किसी संबंध की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। फिलहाल पुलिस मामले के सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है। आरोपियों की गिरफ्तारी और हत्या के पीछे की वजह सामने आने के बाद ही पूरे मामले की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

Manoj Kumar
मनोज कुमार author

मनोज कुमार को टीवी पत्रकारिता में काम करने का 20 साल का अनुभव है. वर्तमान में वह Times Now नवभारत में डिप्टी न्यूज एडिटर के रूप में काम कर रहे हैं. 2022 से चंडीगढ़ ब्यूरो हेड के तौर पर चंडीगढ़, हरियाणा, पंजाब और हिमाचल प्रदेश को कवर कर रहे हैं. उन्होंने पंजाब बाढ़ त्रासदी, ऑपरेशन सिंदूर जैसी बड़ी घटनाओं को ग्राउंड जीरो से कवर किया है. हिमाचल प्रदेश में संजौली मस्जिद कवरेज के लिए उन्हें ENBA अवॉर्ड मिल चुका है.

और पढ़ें
End of Article