दुनिया

मोज्तबा खामेनेई से राष्ट्रपति पेजेश्कियान ने की मुलाकात, ईरानी मीडिया ने किया दावा, कितनी ‘गंभीर हालत’?

ईरानी सरकारी ब्रॉडकास्टर प्रेस टीवी (Press TV) की रिपोर्ट के अनुसार, रविवार को हुई इस बैठक में देश की मौजूदा सैन्य रणनीति, आर्थिक दबावों और जनता की प्राथमिक जरूरतों से जुड़े कई महत्वपूर्ण पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की गई।

Image

मोज्तबा से की पेजेश्कियान ने मुलाकात

Photo : AP

Mojtaba Khamenei: ईरान के सर्वोच्च नेता मोज्तबा खामेनेई के स्वास्थ्य को लेकर चल रही गंभीर अटकलों के बीच ईरानी राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियान ने उनसे मुलाकात की है। ईरानी मीडिया द्वारा किए गए इस दावे के बाद अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चल रही कई अफवाहों और रिपोर्टों पर विराम लगाने की कोशिश की जा रही है। हाल ही में इजरायली मीडिया और अंतरराष्ट्रीय रिपोर्टों में दावा किया गया था कि खामेनेई की स्वास्थ्य स्थिति बेहद नाजुक है। इन खबरों के कुछ ही दिनों बाद हुई इस उच्च स्तरीय बैठक को बेहद अहम माना जा रहा है।

बैठक के मुख्य विषय और चर्चा

ईरानी सरकारी ब्रॉडकास्टर प्रेस टीवी (Press TV) की रिपोर्ट के अनुसार, रविवार को हुई इस बैठक में देश की मौजूदा सैन्य रणनीति, आर्थिक दबावों और जनता की प्राथमिक जरूरतों से जुड़े कई महत्वपूर्ण पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक का मुख्य केंद्र अमेरिका और इजराइल के खिलाफ जारी सैन्य संघर्ष, युद्ध के भावी रुझान और देश की रक्षात्मक तैयारियों का आकलन करना था।

आर्थिक प्रबंधन और मुद्रा नियंत्रण

दोनों नेताओं ने देश की अर्थव्यवस्था को मजबूती देने, रियाल (ईरानी मुद्रा) और विदेशी मुद्रा के संतुलन को बनाए रखने और ऊर्जा संसाधनों के उचित प्रबंधन पर रणनीति बनाई। पश्चिमी देशों के प्रतिबंधों और जारी युद्ध के बीच मित्र देशों व विदेशी साझेदारों के साथ आर्थिक और व्यापारिक संबंधों को मजबूत करने के तरीकों पर विचार-विमर्श हुआ। सरकारी खर्चों को संतुलित करते हुए आम नागरिकों की बुनियादी जरूरतों को पूरा करने और देश में आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति सुनिश्चित करने के उपायों पर चर्चा की गई।

खामेनेई के स्वास्थ्य को लेकर कयासबाजी

यह मुलाकात ऐसे समय में हुई है जब इजरायल और पश्चिमी मीडिया में मोज्तबा खामेनेई के स्वास्थ्य को लेकर कई तरह की रिपोर्टें तैर रही थीं। ईरानी मीडिया द्वारा इस बैठक की जानकारी सार्वजनिक करने का मुख्य उद्देश्य देश के भीतर और बाहर यह संदेश देना है कि सर्वोच्च नेतृत्व पूरी तरह सक्रिय है और देश के सैन्य व आर्थिक मोर्चे की कमान उनके हाथों में है।

बता दें कि इजरायली मीडिया ने दावा किया है कि मोज्तबा खामेनेई की हालात गंभीर है, जिसके बाद उन्हें अस्पताल में शिफ्ट किया गया। इजरायली मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, खामेनेई की हालत बेहद गंभीर होने की अफवाहें सरकार के शीर्ष स्तर पर बैठे लोगों के बीच तेजी से फैल रही है। इससे पहले, यरुशलम पोस्ट ने ईरानवायर और राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियन के प्रशासन के करीबी सूत्रों के हवाले से ऐसी ही रिपोर्ट प्रकाशित की थी।

दावा- खामेनेई के शहादत की खबर आने वाली है

यरुशलम पोस्ट ने सूत्रों के हवाले से दावा किया कि अगर हमें जल्द ही खामेनेई की शहादत की खबर मिले तो हमें हैरानी नहीं होगी। सनद रहे कि खामेनेई ने 28 फरवरी, 2026 को पिता अयातुल्ला अली खामेनेई के अमेरिकी हमलों में मारे जाने के तत्काल बाद सुप्रीम लीडर का पद संभाला था। सुप्रीम लीडर का पद संभालने के बाद से मोजतबा खामेनेई सार्वजनिक तौर पर सामने नहीं आए और न ही उनके वीडियो दिखाई दिए। उन्होंने महज लिखित बयानों के जरिए ही संदेश जारी किया है। रिपोर्ट्स में दावा किया गया कि शुरुआती हमलों में वह घायल हो गए थे और उन्हें गंभीर चोटें आई थीं। इसके बाद, उनकी सुरक्षा को लेकर उन्हें सार्वजनिक तौर पर सामने आने से रोका गया और वरिष्ठ अधिकारियों तक संदेश पहुंचाने के लिए मध्यस्थों के नेटवर्क का इस्तेमाल किया गया।

Amit Mandal
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article