PoJK Protest: पाकिस्तान के कब्जे वाले जम्मू-कश्मीर (PoJK) में नागरिक अधिकार कार्यकर्ताओं की बड़े पैमाने पर गिरफ्तारी के बाद पाकिस्तान सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन तेज हो गए हैं। स्थानीय संगठनों का दावा है कि 600 से अधिक कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया गया है, जिसके बाद कई इलाकों में प्रदर्शन शुरू हो गए।
संयुक्त अवामी एक्शन कमेटी (JAAC) ने अपने प्रमुख नेता शौकत नवाज मीर की गिरफ्तारी का विरोध करते हुए लोगों से शांतिपूर्ण तरीके से सड़कों पर उतरने की अपील की है।
बुनियादी सुविधाओं के लिए जूझ रहे लोग
संगठन ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर #ReleaseShoukatNawazMir अभियान भी चलाया। जेएएसी के नेता सरदार अमन खान के कई वीडियो इंटरनेट पर वायरल हो रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि PoJK में राशन और दवाओं की भारी कमी है तथा लोगों को बुनियादी सुविधाएं भी नहीं मिल पा रही हैं। साथ ही उन्होंने जम्मू-कश्मीर के अन्य क्षेत्रों के लोगों से समर्थन की अपील भी की।
समाचार एजेंसी एएनआई की रिपोर्ट के मुताबिक, सरदार अमन खान ने कहा कि अगर शांतिपूर्ण आंदोलन का जवाब बल प्रयोग से दिया गया, तो स्थानीय लोग अपने अधिकारों की रक्षा के लिए आगे की रणनीति तय करेंगे। हालांकि, उन्होंने लोगों से प्रदर्शन शांतिपूर्ण बनाए रखने की भी अपील की।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: पाकिस्तान के खिलाफ PoJK में विरोध प्रदर्शन तेज; JAAC नेता ने भारत से मांगा समर्थन, कहा- चरम पर पहुंचा अत्याचार
आंदोलन में 5 लाख लोगों के शामिल होने की संभावना
जेएएसी ने रविवार को बड़े पैमाने पर शांतिपूर्ण प्रदर्शन का आह्वान किया। साथ ही प्रदर्शनकारियों से सफेद झंडे के साथ शांतिपूर्ण ढंग से विरोध दर्ज कराने की अपील की गई है। माना जा रहा है कि PoJK के 10 जिलों से करीब 5 लाख लोग इस आंदोलन में शामिल हो सकते हैं। इससे पहले, जेएएसी ने आरोप लगाए थे कि पाकिस्तान प्रशासन शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे लोगों का दमन कर रहा है और उन्हें उनके बुनियादी अधिकारों से वंचित किया जा रहा है।
