PoJK Protest: पाकिस्तान के कब्जे वाले जम्मू-कश्मीर (PoJK) में पाकिस्तान सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन लगातार तेज हो रहे हैं। इस बीच, जम्मू-कश्मीर ज्वाइंट अवामी एक्शन कमेटी (JAAC) के वरिष्ठ नेता सरदार अमन खान ने जम्मू-कश्मीर के लोगों से 5 जुलाई को होने वाले विरोध प्रदर्शनों का समर्थन करने की अपील की।
सरदार अमन खान का एक वीडियो इंटरनेट पर वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो के मुताबिक, सरदार अमन खान ने कहा कि PoJK में पिछले करीब एक महीने से लोगों पर भारी अत्याचार हो रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि अपने बुनियादी अधिकारों की मांग करने वाले लोगों के खिलाफ पाकिस्तान की ओर से अत्याचार, अन्याय और सैन्य कार्रवाई अपने चरम पर पहुंच चुकी है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, उन्होंने कहा, "हमारे खाद्य आपूर्ति के रास्ते बंद कर दिए गए हैं, दवाइयों की आपूर्ति भी रोक दी गई है। यहां तक कि लोगों के सामान्य जीवन पर भी तरह-तरह की पाबंदियां लगाई जा रही हैं। ऐसे कठिन समय में हम पुंछ, मेंढर, राजौरी, जम्मू, कश्मीर घाटी, लद्दाख और कारगिल के लोगों से अपील करते हैं कि वे 5 जुलाई के विरोध प्रदर्शन में हमारा साथ दें और हमारे अधिकारों के समर्थन में आवाज उठाएं।"
यह अपील ऐसे समय में आई है जब PoJK में इस्लामाबाद के आदेश पर मानवाधिकारों के उल्लंघन, आवाजाही पर रोक और ज़रूरी सप्लाई की कमी को लेकर विरोध प्रदर्शन जारी हैं।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: 'आतंकवाद का समर्थन करना बंद करे पाकिस्तान', सिंधु जल संधि को लेकर भारत का पड़ोसी को दो टूक जवाब
JAAC ने लगाए गंभीर आरोप
जेएएसी का आरोप है कि पाकिस्तान प्रशासन शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे लोगों का दमन कर रहा है और उन्हें उनके बुनियादी अधिकारों से वंचित किया जा रहा है। कमेटी का कहना है कि कार्यकर्ताओं की गिरफ्तारियां, आवाजाही पर प्रतिबंध और आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति बाधित होने से मानवीय संकट गहराता जा रहा है।
30 जून को जेएएसी ने यह भी आरोप लगाया था कि पाकिस्तान ने विपक्षी नेताओं के एक प्रतिनिधिमंडल को PoJK में प्रवेश करने से रोक दिया था। संगठन के अनुसार, यह राजनीतिक विरोध और लोकतांत्रिक अधिकारों को दबाने की कोशिश है।
