दुनिया

सऊदी अरब में अरामको का हेलीकॉप्टर हुआ दुर्घटनाग्रस्त, 14 लोगों की मौत; जांच शुरू

Saudi Arabia Helicopter Crash: सऊदी अरब में रविवार को एक हेलीकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस हादसे में कम से कम 14 लोगों की मौत हो गई।

Image

सऊदी अरब में हेलिकॉप्टर क्रैश (प्रतीकात्मक तस्वीर)

Photo : iStock

Saudi Arabia Helicopter Crash: सऊदी अरब में रविवार को एक हेलीकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस हादसे में कम से कम 14 लोगों की मौत हो गई। प्राप्त जानकारी के मुताबिक, दुर्घटनाग्रस्त हुआ हेलीकॉप्टर दुनिया की सबसे बड़ी तेल कंपनी अरामको का बताया जा रहा है, जो पूर्वी तटीय शहर रास तनूरा में क्रैश हो गया।

हेलीकॉप्टर दुर्घटना की जांच शुरू

सऊदी अरब के ऊर्जा मंत्रालय के मुताबिक, यह हादसा स्थानीय समयानुसार सुबह करीब छह बजे हुआ और मारे गए सभी लोग सऊदी के नागरिक थे। दुर्घटना की वजह के बारे में कोई और जानकारी नहीं दी गई। हादसे के बाद जांच शुरू कर दी गई, ताकि दुर्घटना की वजह का पता लगाया जा सके।

रास तनूरा, फारस की खाड़ी के तट पर मौजूद है और यहां सऊदी अरामको की देश की सबसे बड़ी रिफाइनरी तथा प्रमुख कच्चे तेल निर्यात टर्मिनल मौजूद है। अरामको ने हाल ही में लगभग चार महीने के अंतराल के बाद शुक्रवार से यहां से कच्चे तेल की लोडिंग दोबारा शुरू की थी।

सनद रहे कि इसी साल मार्च में रास तनूरा स्थित अरामको के ऊर्जा प्रतिष्ठान को ड्रोन हमले की कोशिश का निशाना बनाया गया था। इससे पहले 2021 में यमन के ईरान समर्थित हूती विद्रोहियों ने भी इस क्षेत्र पर हमला किया था, जिसे रियाद ने वैश्विक ऊर्जा सुरक्षा पर असफल हमला बताया था।

इसके अलावा, सितंबर 2019 में अबकैक और खुरैस तेल संयंत्रों पर हुए बड़े ड्रोन और मिसाइल हमलों ने सऊदी अरब के कच्चे तेल उत्पादन का आधे से अधिक हिस्सा अस्थायी रूप से ठप कर दिया था, जिससे वैश्विक तेल बाजार में भारी उथल-पुथल मच गई थी।

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article