अधिकारियों ने बताया कि जॉर्जिया के फोर्ट स्टीवर्ट में बुधवार को पांच सैनिकों को गोली मार दी गई, जिसके कारण हमलावर की गिरफ्तारी से पहले सेना बेस को बंद कर दिया गया।सैनिकों की स्थिति और गोलीबारी की परिस्थितियां तुरंत स्पष्ट नहीं हो पाईं हैं। सेना ने कहा कि वह जांच कर रही है। बेस के अधिकारियों ने कहा कि घायलों का इलाज किया गया और फिर उन्हें विन्न आर्मी कम्युनिटी अस्पताल ले जाया गया। उन्होंने आगे कहा कि कम्युनिटी के लिए कोई खतरा नहीं है।
बुधवार सुबह 11 बजे से कुछ पहले कानून प्रवर्तन दल को द्वितीय बख्तरबंद ब्रिगेड कॉम्बैट टीम परिसर भेजा गया। अधिकारियों ने बताया कि हमलावर को सुबह 11:35 बजे गिरफ्तार कर लिया गया। लिबर्टी काउंटी स्कूल सिस्टम ने बताया कि तालाबंदी लगभग एक घंटे तक चली और बेस के ठीक बाहर स्थित तीन स्कूलों ने भी 'अत्यधिक सावधानी' बरतते हुए तालाबंदी जैसे कदम उठाए।
द्वितीय बख्तरबंद ब्रिगेड कॉम्बैट टीम का परिसर अभी भी बंद था। सेना की दूसरी बख्तरबंद ब्रिगेड कॉम्बैट टीम का गठन 2016 में किया गया था, जब सेना ने लगभग 4,200 सैनिकों वाली पैदल सेना इकाई में 200 से ज़्यादा वाहन जोड़े थे। 'स्पार्टन ब्रिगेड' के नाम से भी जानी जाने वाली इस इकाई को सेना ने अपनी 'सबसे आधुनिक ज़मीनी लड़ाकू सेना' (most modern land fighting force) कहा है।
सवाना से लगभग 64 किलोमीटर दक्षिण-पश्चिम में स्थित, फोर्ट स्टीवर्ट मिसिसिपी नदी के पूर्व में सेना की सबसे बड़ी चौकी है। यह सेना के तृतीय इन्फैंट्री डिवीजन में तैनात हजारों सैनिकों और उनके परिवार के सदस्यों का घर है।
