ऑटो न्यूज़

Hyundai की गाड़ियों के 8000 रुपये तक बढ़ जाएंगे दाम! 1 दिसंबर से लागू होंगी नई कीमतें

अगर आप Hyundai कार खरीदने की तैयारी कर रहे हैं तो ये जानकारी आपके लिए और भी जरूरी हो जाती है। 1 दिसंबर से कुछ मॉडल की कीमत में 8000 रुपये तक की बढ़ोतरी लागू हो जाएगी।

Image

1 दिसंबर से महंगी हो जाएंगी Hyundai Cars (Photo: Hyundai )

मारुति सुजुकी के बाद अब हुंडई मोटर इंडिया (Hyundai Motor India) ने भी गाड़ियों की कीमत बढ़ाने का ऐलान कर दिया है। कंपनी कुछ कारों के दामों में 8000 रुपये तक की बढ़ोतरी करने जा रही है। बढ़ती इनपुट लागत के चलते कारों की बढ़ी हुई कीमतें 1 दिसंबर से लागू होंगी।

क्यों बढ़ रहे गाड़ियों के दाम

हुंडई मोटर इंडिया के मुताबिक, कच्चे माल और कलपुर्जों की लागत बढ़ने से कंपनी पर लगातार दबाव बना हुई है। कंपनी अब तक लागत का बड़ा हिस्सा आंतरिक कार्यक्षमता और खर्च घटाकर खुद वहन कर रही थी। हालांकि, अब इसका कुछ बोझ ग्राहकों पर डालना जरूरी माना गया है, जिसके चलते गाड़ियों के दाम बढ़ाए जा रहे हैं।

मॉडल और वेरिएंट के हिसाब से बढ़ेंगे दाम

कंपनी की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक, कीमतों में बदलाव मॉडल और वेरिएंट के हिसाब से अलग-अलग होगा। यानी हर कार की कीमत में 8,000 रुपये की वृद्धि नहीं होगी। किस मॉडल पर कितनी बढ़ोतरी लागू होगी, इसकी जानकारी कंपनी की वेबसाइट या डीलरशिप से ली जा सकती है।

इस साल चौथी बार बढ़ेंगी कीमतें

बता दें, इन बढ़ोतरी के बाद यह इस साल हुंडई की गाड़ियों की चौथी कीमत वृद्धि होगी। इससे पहले भी कंपनी ने जनवरी, जून और सितंबर में कारों के दाम बढ़ाए थे। इससे पहले सितंबर में ही कंपनी ने कुछ सेलेक्टेड मॉडल्स की कीमत में 1 प्रतिशत तक का इजाफा किया था। उस समय भी कंपनी ने इनपुट और कमोडिटी लागत, परिचालन खर्च

और वैश्विक अनिश्चितताओं को कीमत में बढ़ोतरी का कारण बताया था।

दूसरी कंपनियां भी बढ़ा रही दाम

इससे पहले देश की सबसे बड़ी वाहन निर्माता कंपनी मारुति सुजुकी ने भी इसी महीने कुछ मॉडल के दाम बढ़ाए हैं टाटा मोटर्स पैसेंजर व्हीकल्स ने भी सितंबर में कारों और एसयूवी की कीमतों में 25,000 रुपये तक की वृद्धि की थी। महिंद्रा ने जुलाई से एसयूवी और कमर्शियल वाहन रेंज के दाम 2.7 फीसदी तक बढ़ाए थे। वहीं, ऑडी इंडिया भी 1 जनवरी 2027 से अपनी मॉडल रेंज में 2 फीसदी तक बढ़ोतरी की घोषणा कर चुकी है।

ग्राहकों को क्या करना चाहिए

अगर आप भी हुंडई कार खरीदने का प्लान बना रहे थे तो 1 दिसंबर से पहले डीलर से मौजूदा कीमत और ऑफर की जानकारी ले सकते हैं। इसके अलावा, गाड़ी की डिलीवरी की डेट भी कंफर्म करवा लें। यह भी क्लियर कर लें कि आप जिस मॉडल को खरीद रहे हैं उस पर यह नई कीमत बढ़ोतरी लागू होगी कि नहीं। इसके अलावा, गाड़ी की ऑन रोड कीमत और बाकि खर्च का भी पहले से ही हिसाब लगाकर चलें।

Shivani Kotnala
शिवानी कोटनालाauthor

शिवानी कोटनाला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के पद पर कार्यरत हैं। पत्रकारिता के करियर में 3 साल से ज्यादा के अनुभव के साथ शिवानी ने बिजनेस और टेक से जुड़ी खबरों पर काम किया है। यूटीलिटी, शेयर बाजार, पर्सनल फाइनेंस, बैंकिंग से जुड़ी खबरों पर वह लगातार लिख रही हैं। शिवानी ने डिजिटल के साथ-साथ न्यूज एजेंसी में भी काम किया है।

और पढ़ें
End of Article