बिजनेस

8th Pay Commission: 6% सालाना इंक्रीमेंट, पुरानी पेंशन और DA मर्जर समेत ये 10 मांगें

आठवें वेतन आयोग लागू होने का इंतजार देशभर के लाखों केंद्रीय कर्मचारी कर रहे हैं। इस बीच कर्मचारी संगठन BPMS ने कई मांग रखी है।

Image

8वां वेतन आयोग

8th Pay Commission लागू करने की तैयारी जोर-शोर से चल रही है। वेतन आयोग के सदस्यों और कर्मचारी संगठनों के बीच देश के अलग-अलग शहरों में कई दौर की बैठक हुई है। इस बीच रक्षा मंत्रालय द्वारा मान्यता प्राप्त, रक्षा क्षेत्र के असैन्य कर्मचारियों के अखिल भारतीय महासंघ 'भारतीय प्रतिरक्षा मजदूर संघ' (BPMS) ने 8वें केंद्रीय वेतन आयोग (CPC) के समक्ष लगभग 73 मांगों की एक नई सूची सौंपी है। इसमें केंद्र सरकार के कर्मचारियों, विशेष रूप से रक्षा क्षेत्र के असैन्य कर्मचारियों के वेतन, पेंशन और सेवा लाभों में उल्लेखनीय सुधार की मांग की गई है। हम आपको टॉप-10 मांगों के बारे में जानकारी दे रहे हैं।

1. न्यूनतम मूल वेतन (बेसिक पे) में संशोधन

BPMS ने मांग की है कि न्यूनतम वेतन का निर्धारण परिवार की वास्तविक उपभोग जरूरतों, भारतीय श्रम सम्मेलन (ILC) के मानदंडों और 'एकरॉयड फॉर्मूले' (Aykroyd formula) के आधार पर किया जाए। साथ ही, आवश्यक वस्तुओं की मौजूदा बाजार कीमतों को भी ध्यान में रखा जाना चाहिए, ताकि कर्मचारी सम्मानजनक जीवन स्तर बनाए रख सकें।

2. महंगाई के अनुरूप फिटमेंट फैक्टर

फेडरेशन ने कर्मचारियों को महंगाई और उनकी क्रय शक्ति (खरीदने की क्षमता) में आई कमी की भरपाई के लिए एक उपयुक्त फिटमेंट फैक्टर की मांग की है। साथ ही, इसने वेतन के क्रमिक स्तरों के बीच उचित अंतर रखने और अधिकतम व न्यूनतम वेतन का अनुपात 1:10 से अधिक न रखने की भी मांग की है।

3. सालाना 6% इंक्रीमेंट

BPMS के अनुसार, मौजूदा 3% की वार्षिक वेतन वृद्धि दर को दोगुना करके मूल वेतन (बेसिक पे) का 6% कर दिया जाना चाहिए। फेडरेशन का मानना है कि इससे कर्मचारियों की आर्थिक स्थिति में सार्थक सुधार होगा और उन्हें बढ़ती जीवन-यापन लागत का सामना करने में मदद मिलेगी।

4. मूल वेतन में 50% DA का विलय

BPMS ने 8वें वेतन आयोग के तहत संशोधित वेतन और पेंशन संरचना तय करने से पहले, मौजूदा महंगाई भत्ते (DA) के 50% हिस्से को मूल वेतन और पेंशन में मिलाने की अपनी मांग दोहराई है।

5. पुरानी पेंशन योजना (OPS) की बहाली

फेडरेशन ने केंद्र सरकार के कर्मचारियों के लिए नेशनल पेंशन सिस्टम (NPS) और यूनिफाइड पेंशन स्कीम (UPS) को बंद करने की मांग की है। वे चाहते हैं कि सेवानिवृत्ति के बाद पर्याप्त सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए 'डिफाइंड-बेनिफिट' वाली पुरानी पेंशन योजना (OPS) को फिर से लागू किया जाए।

6. समान बोनस नीति

एड-हॉक बोनस और उत्पादकता से जुड़े बोनस (PLB) का लाभ बिना किसी भेदभाव के सभी केंद्रीय सरकारी कर्मचारियों को मिलना चाहिए, जिसमें उच्च स्तर के कर्मचारी भी शामिल हैं। बोनस की गणना संबंधित वेतन स्तर के न्यूनतम वेतन के आधार पर की जानी चाहिए, जिसमें कम से कम 30 दिनों के वेतन और महंगाई भत्ते (DA) के बराबर राशि मिलनी चाहिए।

7. CGEGIS बीमा कवरेज में वृद्धि

कर्मचारियों के परिवारों को बेहतर वित्तीय सुरक्षा देने के लिए, केंद्रीय सरकारी कर्मचारी समूह बीमा योजना (CGEGIS) के तहत बीमा कवरेज को मौजूदा ₹30,000 से बढ़ाकर कम से कम ₹15 लाख किया जाना चाहिए। इसके साथ ही BPMS ने मांग की है कि डिपॉजिट लिंक्ड इंश्योरेंस के लाभ को बढ़ाकर ₹10 लाख किया जाए, ताकि किसी कर्मचारी की मृत्यु होने पर उसके परिवार को पर्याप्त वित्तीय सहायता मिल सके।

8. GPF और EPF की ब्याज दरों में समानता

फेडरेशन चाहता है कि जनरल प्रोविडेंट फंड (GPF) की ब्याज दर, एम्प्लॉयीज़ प्रोविडेंट फंड (EPF) पर लागू ब्याज दर से कम न हो, ताकि सरकारी कर्मचारियों की सेवानिवृत्ति बचत सुरक्षित रहे।

9. ब्याज-मुक्त अग्रिमों (एडवांस) की बहाली

कर्मचारियों को उनकी आवश्यक व्यक्तिगत और पारिवारिक वित्तीय जरूरतों को पूरा करने में मदद करने के लिए, बंद किए गए या सीमित किए गए ब्याज-मुक्त अग्रिमों को फिर से बहाल किया जाना चाहिए।

10. दो अतिरिक्त वेतन-वृद्धि

जो कर्मचारी अपने व्यवसाय से संबंधित उच्च पेशेवर या अकादमिक योग्यता प्राप्त करते हैं, उन्हें एकमुश्त कैश प्रोत्साहन के बजाय दो अतिरिक्त वेतन- वेतन वृद्धि (इंक्रीमेंट) दी जानी चाहिए - ठीक उसी तरह, जैसे कि नर्सिंग कर्मचारियों को लाभ मिलता है।

Alok Kumar
आलोक कुमार author

आलोक कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में एसोसिएट एडिटर के पद पर कार्यरत हैं। इलेक्ट्रॉनिक, डिजिटल और प्रिंट मीडिया में 17 वर्षों से अधिक का व्यापक अनुभव रखने वाले आलोक ने अपने पत्रकारिता करियर में कई प्रमुख कॉर्पोरेट इवेंट्स और चर्चित स्टोरीज कवर की हैं। वह बिजनेस, बैंकिंग, शेयर मार्केट और पर्सनल फाइनेंस पर गहरी समझ रखते हैं और जटिल वित्तीय जानकारियों को सरल, स्पष्ट और पाठक-केंद्रित तरीके से प्रस्तुत करने में माहिर हैं। अब तक आलोक ने लगभग 18,000 स्टोरीज लिखी हैं। उनकी लेखन शैली भरोसेमंद, विश्लेषणात्मक और व्यावहारिक जानकारी देने वाली होती है।

और पढ़ें
End of Article