अध्यात्म

कार्तिक मास का उद्यापन कैसे करें, जानें स्नान और दीपदान का संपूर्ण विधि

Kartik Maas Udyapan Vidhi: कार्तिक मास के व्रत, स्नान और दीपदान का उद्यापन आमतौर पर कार्तिक पूर्णिमा को किया जाता है। जानें उद्यापन का धार्मिक महत्व और उद्यापन की संपूर्ण विधि।

Image

कार्तिक मास का उद्यापन कैसे करें?

Kartik Maas Udyapan Vidhi: हिंदू धर्म में कार्तिक मास को बेहद पवित्र और पुण्यदायी महीना माना गया है। मान्यता है कि इस पूरे महीने भगवान विष्णु की पूजा, पवित्र नदियों में स्नान, तुलसी पूजन और दीपदान करने से विशेष पुण्य की प्राप्ति होती है। यही वजह है कि कार्तिक मास में बड़ी संख्या में श्रद्धालु पूरे महीने नियम-संयम का पालन करते हैं। कोई सूर्योदय से पहले उठकर स्नान करता है, तो कोई प्रतिदिन तुलसी के पास दीपक जलाकर भगवान विष्णु की आराधना करता है।

हम आपको बताएं कि, कार्तिक मास के इन धार्मिक नियमों और व्रतों का समापन किस तरह किया जाता है? दरअसल, पूरे महीने किए गए व्रत, स्नान और दीपदान के बाद उद्यापन करने की परंपरा है। आमतौर पर कार्तिक पूर्णिमा के दिन उद्यापन किया जाता है। आइए जानते हैं कार्तिक मास के व्रत, स्नान और दीपदान का उद्यापन कैसे करें और इसकी सरल विधि क्या है। आगे जानें कार्तिक मास का उद्यापन कैसे किया जाता है?

कार्तिक मास के उद्यापन का महत्व

किसी भी व्रत या धार्मिक अनुष्ठान को विधिपूर्वक पूरा करने के बाद उसका उद्यापन करना शुभ माना जाता है। उद्यापन का अर्थ केवल व्रत समाप्त करना नहीं, बल्कि पूरे महीने की गई साधना, पूजा और नियमों को भगवान के चरणों में समर्पित करना भी है। कार्तिक मास में भगवान विष्णु और माता तुलसी की आराधना का विशेष महत्व होता है। इसलिए उद्यापन के दौरान दोनों का पूजन किया जाता है। मान्यता है कि श्रद्धा और सामर्थ्य के अनुसार दान-पुण्य करने तथा जरूरतमंदों को भोजन कराने से धार्मिक अनुष्ठान की पूर्णता होती है।

कार्तिक मास के व्रत का उद्यापन कैसे करें?

1. सुबह लें उद्यापन का संकल्प

कार्तिक पूर्णिमा के दिन ब्रह्म मुहूर्त में उठकर स्नान करें। यदि संभव हो तो किसी पवित्र नदी या सरोवर में स्नान कर सकते हैं। इसके बाद स्वच्छ वस्त्र धारण करें और घर के मंदिर में भगवान विष्णु तथा माता तुलसी के सामने दीपक जलाएं। पूरे महीने किए गए व्रत, स्नान और दीपदान का स्मरण करते हुए उनके विधिपूर्वक समापन का संकल्प लें। पूजा के दौरान जाने-अनजाने में हुई गलतियों के लिए भगवान से क्षमा भी मांगें।

2. भगवान विष्णु और तुलसी माता की पूजा करें

उद्यापन के दिन भगवान विष्णु को पीले फूल, फल, अक्षत, चंदन और तुलसी दल अर्पित करें। माता तुलसी को जल चढ़ाकर दीपक जलाएं और चुनरी तथा श्रृंगार सामग्री अर्पित करें। इसके बाद विष्णु मंत्र, विष्णु सहस्रनाम या अपनी श्रद्धा के अनुसार भगवान के भजन-कीर्तन करें।

3. हवन और जागरण करें

कार्तिक मास के उद्यापन में कुछ परंपराओं के अनुसार हवन का भी विधान है। इसके लिए विधिवत पूजा के बाद हवन कुंड में अग्नि प्रज्वलित कर मंत्रों के साथ आहुतियां दी जाती हैं। कुछ परिवारों में तुलसी के पास मंडप सजाकर जागरण और भजन-कीर्तन भी किया जाता है। हालांकि, हवन और अन्य विस्तृत अनुष्ठानों की विधि अलग-अलग परंपराओं में भिन्न हो सकती है।

4. दान-दक्षिणा जरूर दें

उद्यापन में दान का विशेष महत्व बताया गया है। अपनी सामर्थ्य के अनुसार चावल, गेहूं, अन्य अनाज, वस्त्र, मिठाई और बर्तन दान करें। ब्राह्मणों या जरूरतमंदों को दक्षिणा दें। परंपरा के अनुसार माता तुलसी के लिए वस्त्र और श्रृंगार सामग्री तथा भगवान विष्णु के लिए पीले वस्त्र और जनेऊ का दान भी किया जा सकता है।

5. ब्राह्मणों और जरूरतमंदों को भोजन कराएं

पूजा और दान-पुण्य के बाद ब्राह्मणों, साधु-संतों या जरूरतमंद लोगों को श्रद्धापूर्वक भोजन कराएं। इसके बाद अपनी क्षमता के अनुसार दक्षिणा देकर उनका आशीर्वाद लें। यदि आपने पूरे कार्तिक मास में किसी विशेष वस्तु का त्याग किया था, जैसे तेल, नमक या किसी खास खाद्य पदार्थ का, तो कुछ परंपराओं में भोजन और दक्षिणा के बाद ब्राह्मण की अनुमति लेकर उस वस्तु को प्रसाद स्वरूप ग्रहण करने का विधान है।

डिस्क्लेमर: इस लेख में दी गई जानकारी धार्मिक मान्यताओं और प्रचलित परंपराओं पर आधारित है। आपकी परंपरा और स्थान के अनुसार उद्यापन की विधि भिन्न हो सकती है। इसलिए किसी भी अनुष्ठान को अपनाने से पहले धार्मिक विद्वान या पुरोहित की सलाह अवश्य लें।

gulshan kumar
गुलशन कुमारauthor

गुलशन कुमार टाइम्स नाउ हिंदी डिजिटल के हेल्थ सेक्शन से जुड़े हैं। फिटनेस और योग के प्रति उनकी रुचि उन्हें हेल्थ जर्नलिज्म की ओर लेकर आई, जहां वे आम लोगों की जीवनशैली, सेहत और वेलनेस से जुड़े विषयों पर लगातार काम कर रहे हैं। गुलशन अबतक 2,000 से अधिक आर्टिकल लिख चुके हैं। उनके लेखों में आसान भाषा में दी गई जानकारी, रिसर्च-बेस्ड टिप्स और रोजमर्रा की सेहत से जुड़े विषयों की स्पष्ट समझ दिखाई देती है। हेल्थ अवेयरनेस को बढ़ावा देना, फिटनेस को सरल तरीके से समझाना और बेहतर लाइफस्टाइल के लिए उपयोगी सुझाव देना—गुलशन की लेखन शैली की खासियत है।

और पढ़ें
End of Article