लाइफस्टाइल

घर की छत पर सब्जी कैसे उगाएं, सीखें छत पर 100% ऑर्गेनिक सब्जियां उगाने की विधि, गमले में घर पर सब्जी कैसे उगाते हैं

घर की छत पर ताजी और ऑर्गेनिक सब्जियां उगाने है तो सही ग्रो बैग, मिट्टी, खाद और थोड़ी देखभाल की जरुरत होती है। देखें घर की छत पर सब्जी कैसे उगाएं, गमले में घर पर सब्जी कैसे उगाते हैं।

Image

घर की छत पर सब्जी कैसे उगाएं

बाजार से सब्जियां खरीदते समय क्या आपके मन में भी यह सवाल आता है कि इनमें कितने केमिकल का इस्तेमाल हुआ होगा? अगर हां, तो क्यों न अपनी छत को ही छोटा-सा सब्जियों का बगीचा बना लिया जाए। इसके लिए आपको न तो बड़े खेत की जरूरत है और न ही बहुत ज्यादा पैसे खर्च करने की। घर की खाली छत पर कुछ गमले या ग्रो बैग रखकर आप अपनी पसंद की सब्जियां उगा सकते हैं।

टमाटर, मिर्च, बैंगन, लौकी और खीरे जैसी सब्जियां घर पर आसानी से उगाई जा सकती हैं। खास बात यह है कि अपनी छत पर उगाई गई सब्जियों की देखभाल आप खुद कर सकते हैं। Terrace & Gardening यूट्यूब चैनल के दीपक ने छत पर सब्जियां उगाने का आसान तरीका बताया है। उनके अनुसार, सही जगह चुनने से लेकर मिट्टी तैयार करने और पौधों की देखभाल तक कुछ जरूरी बातों का ध्यान रखना चाहिए।

घर की छत पर सब्जी कैसे उगाएं

छत पर गार्डन तैयार करने से पहले यह देखना जरूरी है कि वहां कितनी धूप आती है। सब्जियों के पौधों को अच्छी ग्रोथ के लिए रोजाना करीब 6 से 8 घंटे धूप की जरूरत होती है। इसलिए ग्रो बैग ऐसी जगह रखें जहां पौधों को पर्याप्त रोशनी मिल सके। अगर धूप कम होगी, तो पौधों की बढ़त और सब्जियों की पैदावार प्रभावित हो सकती है

सब्जियों के हिसाब से लें ग्रो बैग

दीपक के अनुसार, छत पर बागवानी करने के लिए हल्के और मजबूत HDPE ग्रो बैग इस्तेमाल करना अच्छा विकल्प है। टमाटर, मिर्च, बैंगन और गोभी जैसी सब्जियों के लिए 12×12 इंच का ग्रो बैग ले सकते हैं। वहीं लौकी, करेला, गिलकी और तोरई जैसी बेल वाली सब्जियों के लिए 18×18 या 24×24 इंच के बड़े ग्रो बैग बेहतर रहेंगे। कोशिश करें कि एक बड़े ग्रो बैग में एक ही पौधा लगाएं, ताकि उसकी जड़ों को फैलने के लिए पर्याप्त जगह मिल सके।

घर पर ही तैयार करें पौधों के लिए मिट्टी

पौधों की अच्छी ग्रोथ के लिए मिट्टी का सही होना बहुत जरूरी है। केवल सामान्य बगीचे की मिट्टी भरने से बचें, क्योंकि इसमें पानी रुकने की समस्या हो सकती है। दीपक के बताए तरीके के अनुसार, सामान्य मिट्टी में गोबर की सड़ी खाद या वर्मीकंपोस्ट मिलाकर अच्छा पॉटिंग मिक्स तैयार किया जा सकता है। इसमें थोड़ी नीम खली भी मिला सकते हैं। ध्यान रखें कि मिट्टी ऐसी हो जिसमें पानी आसानी से बाहर निकल जाए।

खाद डालें

पौधों को समय-समय पर पोषण देना भी जरूरी है। दीपक के अनुसार, हर 15 से 20 दिन में गोबर की खाद या वर्मीकंपोस्ट डाल सकते हैं। वहीं बेल वाली सब्जियों को ऊपर चढ़ाने के लिए जूट की रस्सी या क्रीपर नेट का सहारा दें। टमाटर और बैंगन के पौधों को सीधा रखने के लिए बांस की लकड़ी लगाना भी फायदेमंद रहेगा।

छत पर लगे पौधों की पत्तियों को नियमित रूप से देखते रहें। अगर पत्तियों के नीचे छोटे सफेद या हरे कीड़े दिखाई दें, तो उचित तरीके से नीम के तेल का स्प्रे कर सकते हैं। पीली और खराब पत्तियों को भी हटा दें। इसी तरह से आप घर पर हर मौसम से हिसाब से बढ़िया, ताजा और स्वादिष्ट सब्जियां उगा सकते हैं। हालांकि सर्दियों की सब्जी के लिए कुछ गार्डनिंग टिप्स अलग हो सकती है।

Avni Bagrola
अवनी बागरोलाauthor

अवनी बागरोला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के लाइफस्टाइल सेक्शन में कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हैं। फैशन, ब्यूटी, ट्रेंड्स, पर्सनल स्टाइलिंग और मॉडर्न लाइफस्टाइल से जुड़े कंटेंट पर उनकी मजबूत पकड़ उन्हें जेन Z और स्टाइल-सेवी ऑडियंस के बीच खास पहचान दिलाती है। अवनी की लेखन शैली सरल, ट्रेंडी और यूज़र-फ्रेंडली है, जो पाठकों को तेजी से बदलते फैशन व लाइफस्टाइल ट्रेंड्स को समझने में मदद करती है। अब तक 3000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुकी अवनी क्रिएटिव अप्रोच, अपडेटेड नॉलेज और रियल-टाइम ट्रेंड सेंस के लिए जानी जाती हैं।

और पढ़ें
End of Article