पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने सिख समुदाय के लिए कम्युनिटी हॉल बनाने में सरकारी मदद देने का आश्वासन दिया है। उन्होंने मंगलवार को हुगली जिले के दानकुनी गुरुद्वारे में गुरु नानक देव की जयंती के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में ये बात कही। इस दौरान उन्होंने बिना किसी का नाम लिए पूर्ववर्ती ममता बनर्जी सरकार पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि जब बंगाल में हज हाउस बनाया जा सकता है तो गुरु नानक देव के नाम पर भवन क्यों नहीं बनाया जा सकता?
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि गुरुद्वारा परिसर में प्रस्तावित कम्युनिटी हॉल का निर्माण अब सरकारी मदद से पूरा कराने की दिशा में काम किया जाएगा। उन्होंने गुरुद्वारा प्रबंधन समिति से इसके लिए एक प्रस्ताव तैयार करने को भी कहा।
मुख्यमंत्री बनने से पहले भी किया था मदद का वादा
सुवेंदु अधिकारी ने कहा कि मैंने पिछले साल भी कम्युनिटी हॉल के निर्माण में सहयोग का वादा किया था। उस समय मैं मुख्यमंत्री नहीं था, हालांकि तब मैंने अपनी व्यक्तिगत हैसियत से मदद की पेशकश की थी, लेकिन अब मैं आधिकारिक तौर पर मदद करूंगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि गुरुद्वारा समिति प्रस्ताव तैयार करे, ताकि सरकारी स्तर पर आगे की प्रक्रिया शुरू की जा सके।
सेवा और लंगर की परंपरा की तारीफ
मुख्यमंत्री ने सिख समुदाय की सेवा और लंगर की परंपरा की सराहना की। उन्होंने कहा कि सिख समुदाय ने हमेशा उनका स्वागत और सम्मान किया है। यह अपनापन उनकी पार्टी, पद, प्रशासनिक शक्ति या आर्थिक स्थिति से प्रभावित नहीं रहा है। अधिकारी ने सिख समुदाय से गंगासागर मेले के दौरान दानकुनी में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए सेवा शिविर लगाने का भी अनुरोध किया।
गुरु नानक जयंती पर दी शुभकामनाएं
इससे पहले सुवेंदु अधिकारी ने गुरु नानक जयंती के अवसर पर सोशल मीडिया के जरिए लोगों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि गुरु नानक देव की शिक्षाएं आज भी लोगों को एक बेहतर और न्यायपूर्ण समाज बनाने के लिए प्रेरित करती हैं। मुख्यमंत्री ने लिखा कि गुरु नानक देव ने सत्य, दया, विनम्रता, समानता और निस्वार्थ सेवा का संदेश देकर दुनिया को नई दिशा दिखाई। उन्होंने प्रार्थना की कि गुरु नानक देव की कृपा से सभी के जीवन में शांति, समृद्धि और खुशियां आएं।
