दुनिया

'आज से सभी स्वतंत्र...', बांग्लादेश चुनावों में मिली जीत के बाद तारिक रहमान बोले- कानून-व्यवस्था बनाए रखनी होगी

Bangladesh Elections: बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी के अध्यक्ष तारिक रहमान ने बांग्लादेश में "किसी भी कीमत पर" कानून-व्यवस्था बनाए रखने का शनिवार को आह्वान किया। उन्होंने कहा कि आज से सभी स्वतंत्र हैं। आप सभी को बधाई।

Image

बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी के अध्यक्ष तारिक रहमान

Photo : AP

Bangladesh Elections: बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (बीएनपी) के अध्यक्ष तारिक रहमान ने बांग्लादेश में "किसी भी कीमत पर" कानून-व्यवस्था बनाए रखने का शनिवार को आह्वान किया और सुरक्षित व मानवता का सम्मान करने वाला देश बनाने में सहयोग देने की अपील की।

रहमान की बीएनपी ने शुक्रवार को ऐतिहासिक संसदीय चुनावों में दो-तिहाई से अधिक बहुमत के साथ शानदार जीत दर्ज की। रहमान पहली बार प्रधानमंत्री बनने वाले हैं। वह अंतरिम सरकार के प्रमुख मुहम्मद यूनुस की जगह लेंगे।

तारिक रहमान ने क्या कुछ कहा?

रहमान ने 13वें संसदीय चुनावों में भारी जीत के एक दिन बाद आयोजित संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा, "हमें सुरक्षित और मानवता का सम्मान करने वाला बांग्लादेश बनाने के लिए सभी के सहयोग की आवश्यकता है। इस बार देश के पुनर्निर्माण में सभी को जिम्मेदार भूमिका निभानी होगी।"

'द ढाका ट्रिब्यून' के अनुसार, रहमान ने कहा, "किसी भी बहाने किसी के साथ अन्याय नहीं किया जा सकता। किसी भी कीमत पर कानून-व्यवस्था बनाए रखनी होगी।" रहमान ने कहा कि देश के स्वतंत्रता-प्रेमी लोगों ने बीएनपी को विजयी बनाया है। उन्होंने चुनाव परिणाम को "जनता की जीत" बताया।

'सभी के विचार महत्वपूर्ण'

बीएनपी अध्यक्ष ने कहा, "आज से सभी स्वतंत्र हैं। आप सभी को बधाई। सभी की भागीदारी के साथ देश में फासीवाद-मुक्त सरकार की यात्रा शुरू हो गई है।" उन्होंने कहा, "देश के निर्माण में सभी के विचार महत्वपूर्ण हैं। हम सभी की राय के आधार पर देश का निर्माण करेंगे।"

बांग्लादेश के निर्वाचन आयोग ने 13वें आम चुनाव में नवनिर्वाचित सांसदों की सूची वाला एक गजट प्रकाशित किया है। गजट प्रकाशन के बाद सांसदों के शपथ ग्रहण का रास्ता साफ हो गया है। निर्वाचन आयोग (EC) के अनुसार, बीएनपी ने 297 में से 209 सीट जीतीं, जबकि दक्षिणपंथी जमात-ए-इस्लामी को 68 सीट पर जीत मिलीं। हसीना की पार्टी अवामी लीग के चुनाव लड़ने पर प्रतिबंध लगा दिया गया था।

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article