दुनिया

कराची में पाकिस्तान रेंजर्स मुख्यालय के पास धमाका, फिर हुई भीषण गोलीबारी; कई लोगों की मौत

Karachi Blast: पाकिस्तान के कराची में यूनिवर्सिटी रोड के पास भारी गोलीबारी और एक संदिग्ध धमाके की खबर सामने आई। प्राप्त जानकारी के मुताबिक, गोलीबारी और धमाके के चलते लगभग 8 लोगों के मारे जाने की खबर है।

Image

कराची में धमाके के बाद मची अफरा-तफरी

Karachi Blast: पाकिस्तान के कराची में यूनिवर्सिटी रोड के पास भारी गोलीबारी और एक संदिग्ध धमाके की खबर सामने आई। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, यह घटना पाकिस्तान रेंजर्स मुख्यालय के मुख्य प्रवेश द्वार के पास हुई। प्राप्त जानकारी के मुताबिक, गोलीबारी और धमाके के चलते लगभग 8 लोगों के मारे जाने की खबर है, जबकि कई लोगों के घायल होने की भी आशंका जताई जा रही है।

बताया जा रहा है कि गोलीबारी में 3 बंदूकधारी ढेर हो गए, जबकि पाकिस्तान रेंजर्स के भी 3 सैनिक मारे गए हैं। सिंध के इंस्पेक्टर जनरल जावेद आलम ओधो ने कन्फर्म किया है।

इलाके में मची अफरा-तफरी

स्थानीय सूत्रों के अनुसार, पहले एक जोरदार धमाका हुआ, जिसकी आवाज कई किलोमीटर दूर तक सुनी गई। इसके तुरंत बाद इलाके में लगातार गोलियां चलने की आवाजें आने लगीं, जिससे आसपास के क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, पाकिस्तान रेंजर्स मुख्यालय के मुख्य गेट पर ग्रेनेड हमला किया गया। हालांकि, अधिकारियों ने अभी तक इस संबंध में आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, इस घटना में सुरक्षा बलों के कुछ जवान घायल हुए हैं। वहीं, कुछ रिपोर्टों में हमलावरों के मारे जाने का भी दावा किया गया है। हालांकि, इन दावों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है।

भारी पुलिस बल तैनात

घटना की सूचना मिलते ही एसएसपी ईस्ट जुबैर नजीर शेख भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। पूरे इलाके की घेराबंदी कर तलाशी अभियान चलाया जा रहा है।

सिंध के CM ने IG से की बात

वहीं, दूसरी तरफ सिंध के मुख्यमंत्री मुराद अली शाह ने मसामियात चौरंगी के पास हुई इस घटना का संज्ञान लेते हुए आईजी सिंध और एडिशनल आईजी कराची से संपर्क किया तथा पूरे घटनाक्रम की विस्तृत रिपोर्ट तलब की है।

सुरक्षाबलों ने 8 आतंकी किए ढेर

इससे पहले, अशांत बलूचिस्तान प्रांत में सुरक्षाबलों के दो अलग-अलग अभियानों में आठ आतंकवादी मारे गए। पाकिस्तानी सेना की मीडिया शाखा अंतर-सेवा जनसंपर्क विभाग (ISPR) के अनुसार, सुरक्षाबलों ने प्रांत के खारान और मस्तुंग जिलों में 25 और 26 जून को खुफिया जानकारी पर आधारित दो अभियान चलाए।

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article