इजराइल ने बताया है कि उसने गाजा में बंधक बनाए गए अंतिम व्यक्ति के अवशेष बरामद कर लिए हैं। अब हमास के साथ चल रहे सीजफायर के अगले चरण का रास्ता साफ हो गया है। इजराइली नेतृत्व का कहना है कि यह न केवल भावनात्मक रूप से महत्वपूर्ण है, बल्कि संघर्षविराम के क्रियान्वयन में आगे बढ़ने के लिए एक निर्णायक मोड़ भी है।
गाजा में तबाही जैसे मंजर
इजराइल का कहना है कि अब उसका अगला संभावित कदम गाजा और मिस्र के बीच स्थित रफाह सीमा को फिर से खोलना हो सकता है। इससे फिलिस्तीनियों को आवाजाही की अनुमति मिलेगी और युद्ध से तबाह गाजा में मानवीय सहायता की आपूर्ति भी बढ़ सकेगी। गौरतलब है कि दो वर्षों से जारी युद्ध के कारण गाजा में बुनियादी ढांचा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुका है और लाखों लोग गंभीर मानवीय संकट का सामना कर रहे हैं।
संघर्षविराम की शर्तों में क्या?
संघर्षविराम की शर्तों में अंतरराष्ट्रीय सुरक्षा बल की तैनाती, हमास को निरस्त्र करना, इज़राइली सेना की और पीछे हटना तथा गाजा के पुनर्निर्माण की रूपरेखा भी शामिल है। हालांकि, इन सभी बिंदुओं पर सहमति बनाना और उन्हें लागू करना आने वाले चरण में सबसे बड़ी चुनौती माना जा रहा है।
इजराइली अधिकारियों ने बताया कि पुलिस अधिकारी रान ग्विली के अवशेषों की पहचान कर ली गई है। यह घोषणा ऐसे समय में हुई जब एक दिन पहले ही सरकार ने कहा था कि उत्तरी गाजा के एक कब्रिस्तान में 'बड़े पैमाने पर सैन्य अभियान' चलाया जा रहा है। प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने इसे इजराइल और उसकी सेना के लिए अविश्वसनीय उपलब्धि करार दिया। संसद को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि गाजा में अब कोई बंधक नहीं है। हमने यह मिशन पूरा कर लिया है, जैसा मैंने वादा किया था।
कहां मिले अवशेष
सेना के प्रोटोकॉल के तहत नाम न बताने की शर्त पर बात करने वाले एक सैन्य अधिकारी के अनुसार, ग्विली के अवशेष गाजा को विभाजित करने वाली पीली रेखा के ठीक किनारे, इजरायली सीमा के ठीक पास पाए गए थे। बता दें कि ग्विली की मौत 7 अक्टूबर 2023 को हमास के नेतृत्व में हुए हमले ने युद्ध की शुरुआत की, जिसमें लगभग 1,200 लोग मारे गए और 251 लोगों को बंधक बना लिया गया। 24 वर्षीय पुलिस अधिकारी ग्विली हमास आतंकवादियों से लड़ते हुए मारे गए। वह पहले लोगों में शामिल थे जिन्हें गाजा ले जाया गया था। उनके परिवार ने सरकार से आग्रह किया था कि जब तक उनके अवशेष बरामद न हो जाएं, तब तक संघर्षविराम के दूसरे चरण में प्रवेश न किया जाए।
ग्विली के अवशेष बरामद होने से पहले, युद्धविराम के बाद से 20 जीवित बंधकों और 27 अन्य लोगों के अवशेष इज़राइल को लौटाए जा चुके हैं। इसके बदले में इजराइल ने सैकड़ों फिलिस्तीनियों के शव गाजा को सौंप दिए हैं। गाजा के स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, 2023 से अब तक इजरायल के हमले में 71,400 से अधिक फिलिस्तीनी मारे गए हैं, जिनमें युद्धविराम शुरू होने के बाद से इजरायली गोलीबारी में 480 से अधिक फिलिस्तीनी मारे गए हैं।
खुलेगी रफाह क्रॉसिंग?
इजराइल ने यह भी संकेत दिया है कि ग्विली की खोज पूरी होने के बाद रफाह क्रॉसिंग को खोला जाएगा, जिसे फिलिस्तीनी दुनिया से अपने संपर्क की जीवनरेखा मानते हैं। यह सीमा मई 2024 से लगभग बंद है, केवल 2025 की शुरुआत में कुछ समय के लिए खोली गई थी।
अगला चरण और जटिल
हमास ने कहा है कि वह संघर्षविराम के पहले चरण की सभी शर्तों के लिए प्रतिबद्ध है। हालांकि, दूसरा चरण और अधिक कठिन मुद्दों से जुड़ा है, जिसमें गाजा में नई शासन व्यवस्था की स्थापना और हमास का निरस्त्रीकरण शामिल है। नेतन्याहू ने साफ शब्दों में कहा कि अगला चरण पुनर्निर्माण से पहले हमास को हथियारों से मुक्त करने और गाजा को निरस्त्र क्षेत्र बनाने पर केंद्रित होगा।
