गाजा पट्टी पर जारी बमबारी को लेकर अब इजराइल को अमेरिका भी घेरने लगा है। फिलिस्तीन के मुद्दे पर हमेशा इजराइल के साथ खड़ा रहने वाला अमेरिका अब इजराइल को चेतावनी देने लगा है। अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन ने कहा कि इजारइल को अब बदलना पड़ेगा।
इजराइल पर बरसे बाइडन
अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन ने हमास आतंकवादियों के साथ युद्ध के बीच इजरायल पर सख्त रुख अपनाते हुए कहा है कि प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू की सरकार देश के इतिहास में सबसे रूढ़िवादी सरकार है। अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा- "यह इजराइल के इतिहास में सबसे रूढ़िवादी सरकार है। इज़राइल में यह सरकार इसे बहुत कठिन बना रही है।"
'नेतन्याहू को बदलना चाहिए'
बाइडन ने यह भी कहा कि गाजा पर "अंधाधुंध" बमबारी के कारण इजरायल समर्थन खो रहा है और बेंजामिन नेतन्याहू को बदलना होगा। बाइडन ने कहा- "इजराइल की सुरक्षा संयुक्त राज्य अमेरिका पर निर्भर हो सकती है, लेकिन अभी उसके पास अमेरिका से अधिक है। उसके पास यूरोपीय संघ है, उसके पास यूरोप है, उसके पास दुनिया का अधिकांश हिस्सा है... लेकिन अंधाधुंध बमकारी के कारण वे उस समर्थन को खोना शुरू कर रहे हैं।"
हजारों फिलिस्तीनी नागरिकों की मौत
इजराइल ने गाजा के हमास शासकों के खिलाफ आक्रामकता तेज कर दी है और कहा है कि युद्ध आगामी हफ्तों या महीनों तक जारी रह सकता है। दक्षिणी इजराइल में सात अक्टूबर को हमास के हमले के बाद से युद्ध की शुरुआत हुई थी, जिसमें 18,000 फलस्तीनी समेत कई लोगों की मौत हो चुकी है और व्यापक क्षति हुई है तथा 23 लाख की आबादी वाले क्षेत्र की 80 प्रतिशत से अधिक आबादी अपने अपने घरों को छोड़ कर पलायन कर गए हैं।
